केंद्र सरकार की स्कॉलरशिप योजना: कक्षा 9वीं से 12वीं तक छात्रों को मिलेंगे ₹48,000, 31 अक्टूबर तक करें आवेदन

NMMSS Scholarship 2026-27 Apply Online: नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम 2026-27 के तहत चयनित छात्रों को हर साल 12,000 रुपये मिलेंगे। 31 अक्टूबर तक आवेदन करें। जानें योग्यता, और आवेदन प्रक्रिया।
NMMSS Scholarship 2026-27
NMMSS के तहत चयनित छात्रों को हर साल 12,000 रुपये की सहायता मिलती हैSource-Imagesbazar
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • NMMSS के तहत चयनित छात्रों को हर साल 12,000 रुपये की सहायता मिलती है।

  • निर्धारित शर्तें पूरी करने पर 9वीं से 12वीं तक कुल 48,000 रुपये मिल सकते हैं।

  • शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 है।

Government School Scholarship 2026: सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए केंद्र सरकार की नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (NMMSS) पढ़ाई जारी रखने में मदद करती है। इस योजना के तहत चयनित छात्रों को हर साल 12,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

यह स्कॉलरशिप 9वीं से 12वीं कक्षा तक मिल सकती है। यानी सभी निर्धारित शर्तें पूरी करने पर छात्र चार साल में कुल 48,000 रुपये तक की मदद पा सकते हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 है। पात्र छात्र नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

9वीं से 12वीं तक मिलेगी स्कॉलरशिप

दरअसल NMMSS योजना का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की पढ़ाई बीच में छूटने से रोकना है। इसके तहत हर साल देशभर में एक लाख नए छात्रों को स्कॉलरशिप देने का प्रावधान है।

चयनित छात्रों को सालाना 12,000 रुपये यानी हर महीने के हिसाब से 1,000 रुपये की सहायता मिलती है। 9वीं कक्षा में प्रवेश के बाद स्कॉलरशिप का लाभ शुरू होता है। आगे की कक्षाओं में भी निर्धारित शैक्षणिक शर्तें पूरी करने पर सहायता जारी रह सकती है। राशि सीधे छात्र के बैंक खाते में भेजी जाती है।

NMMSS Scholarship 2026-27
पढ़ाई के साथ सीखें जापानी, जर्मन और फ्रेंच जैसी भाषाएं, करियर में मिल सकते हैं नए मौके

कौन कर सकता है आवेदन?

NMMSS स्कॉलरशिप के लिए छात्रों को निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी।

  • छात्र राज्य सरकार, सरकारी सहायता प्राप्त या स्थानीय निकाय के स्कूल में नियमित रूप से पढ़ रहा हो।

  • परिवार की सभी स्रोतों से कुल सालाना आय 3.50 रुपये लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए।

  • छात्र ने 7वीं कक्षा में कम से कम 55 प्रतिशत अंक हासिल किए हों।

  • SC और ST वर्ग के छात्रों को अंकों में 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। उनके लिए न्यूनतम अंक 50 प्रतिशत हैं।

  • छात्र को संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की NMMSS चयन परीक्षा पास करनी होगी।

कैसे होता है चयन?

छात्रों का चयन राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की ओर से आयोजित परीक्षा के आधार पर किया जाता है। परीक्षा के दो मुख्य भाग होते हैं।

मेंटल एबिलिटी टेस्ट (MAT): इसमें तर्कशक्ति, मानसिक क्षमता, निर्णय लेने और रीजनिंग से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं।

स्कॉलैस्टिक एप्टीट्यूड टेस्ट (SAT): इसमें विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों से जुड़े सवाल शामिल होते हैं।

दोनों परीक्षाओं के प्रदर्शन के आधार पर पात्र छात्रों का चयन किया जाता है।

31 अक्टूबर तक आवेदन, नवंबर में होगा वेरिफिकेशन

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन और सत्यापन की महत्वपूर्ण तारीखें इस प्रकार हैं:

  • ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख: 31 अक्टूबर 2026

  • स्कूल स्तर पर वेरिफिकेशन: 15 नवंबर 2026 तक

  • जिला स्तर पर वेरिफिकेशन: 30 नवंबर 2026 तक

आवेदन जमा करने के बाद छात्रों को अपने स्कूल से संपर्क करके यह सुनिश्चित करना चाहिए कि फॉर्म का सत्यापन निर्धारित समयसीमा में पूरा हो जाए।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

फॉर्म भरने से पहले ये दस्तावेज और जानकारियां तैयार रखें:

  • आधार कार्ड या वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) नंबर

  • 7वीं कक्षा की मार्कशीट

  • परिवार का आय प्रमाण पत्र

  • बैंक पासबुक और खाते का विवरण

  • स्कूल और शैक्षणिक जानकारी

  • लागू होने पर जाति प्रमाण पत्र

NMMSS Scholarship 2026-27
ओडिशा पुलिस में 7,268 पदों पर भर्ती, 10वीं-12वीं पास के लिए मौका; जानें उम्र सीमा और आवेदन की पूरी डिटेल

NMMSS Scholarship 2026-27 के लिए आवेदन कैसे करें?

छात्र नीचे दिए गए तरीके से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं:

  • नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट scholarships.gov.in पर जाएं।

  • जरूरी रजिस्ट्रेशन या OTR प्रक्रिया पूरी करें।

  • पोर्टल पर लॉगिन करके NMMSS स्कॉलरशिप योजना चुनें।

  • व्यक्तिगत जानकारी, स्कूल का विवरण, शैक्षणिक योग्यता और बैंक खाते की जानकारी भरें।

  • जरूरी दस्तावेज अपलोड करके फॉर्म सबमिट करें।

  • आवेदन की कॉपी सुरक्षित रखें और स्कूल स्तर पर वेरिफिकेशन पूरा करवाएं।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए यह योजना 12वीं तक पढ़ाई जारी रखने में मददगार हो सकती है। पात्र छात्र और अभिभावक 31 अक्टूबर 2026 की अंतिम तारीख से पहले आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें।

Navbharat Live
navbharatlive.com