मराठी साहित्य सम्मेलन: 100वें सम्मेलन के अध्यक्ष बने डॉ. शरणकुमार लिंबाले, जानें अक्करमाशी से सम्मान तक का सफर

Sharankumar Limbale Biography: अक्करमाशी के लेखक शरणकुमार लिंबाले का साहित्यिक योगदान बहुत बड़ा है। वे पुणे में हाने वाले 100वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेंगे।
sharankumar limbale100th marathi sahitya sammelan presiden
शरणकुमार लिंबाले(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • डॉ. शरणकुमार लिंबाले 100वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष चुने गए।

  • टेलीफोन ऑपरेटर से मुक्त विश्वविद्यालय के निदेशक पद तक उन्होंने सफर तय किया।

  • उनकी आत्मकथा अक्करमाशी ने भारतीय दलित साहित्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।

  • सनातन उपन्यास के लिए उन्हें प्रतिष्ठित सरस्वती सम्मान पाने का गौरव भी मिला है।

100th Akhil Bharatiya Marathi Sahitya Sammelan: मराठी साहित्य में दलित चेतना को सशक्त अभिव्यक्ति देने वाले वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शरणकुमार लिंबाले का नाम देश के प्रमुख साहित्यकारों में शामिल है। आत्मकथा, उपन्यास, कहानी, कविता और आलोचना जैसी विभिन्न विधाओं में लेखन करते हुए उन्होंने सामाजिक विषमता, जातिव्यवस्था, अस्पृश्यता और वंचित समुदायों के संघर्ष को साहित्य के केंद्र में रखा।

उनकी चर्चित आत्मकथा अक्करमाशी ने मराठी साहित्य में नई बहस छेड़ी, जबकि ‘दलित साहित्य का सौंदर्यशास्त्र’ ने दलित साहित्य को स्वतंत्र वैचारिक और साहित्यिक पहचान दिलाई। पुणे में आयोजित होने वाले 100वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष पद पर उनका चयन उनके साहित्यिक सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

बाल्यकाल के अनुभवों ने दी लेखन को दिशा

डॉ. शरणकुमार लिंबाले का जन्म 1 जून 1956 को महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के अक्कलकोट तहसील स्थित हन्नूर गांव में हुआ। बचपन से ही उन्होंने जातिगत भेदभाव, सामाजिक विषमता, अस्पृश्यता और वंचित समाज के संघर्ष को करीब से देखा। यही अनुभव आगे चलकर उनके साहित्य की मूल संवेदना और वैचारिक आधार बने।

उन्होंने शिवाजी विश्वविद्यालय, कोल्हापुर से अंग्रेजी विषय में स्नातक और मराठी विषय में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद 'मराठी दलित साहित्य और अमेरिकी अश्वेत साहित्य : एक तुलनात्मक अध्ययन' विषय पर पीएचडी की। इस शोध के माध्यम से उन्होंने भारतीय दलित साहित्य और अमेरिका के अश्वेत साहित्य के बीच समानताओं, संघर्षों और अभिव्यक्ति के स्वरूप का अध्ययन किया।

टेलीफोन ऑपरेटर से निदेशक तक का सफर

लिंबाले के व्यावसायिक जीवन की शुरुआत दूरसंचार विभाग में टेलीफोन ऑपरेटर के रूप में हुई। इसके बाद 1986 से 1992 तक उन्होंने आकाशवाणी के सोलापुर केंद्र में उद्घोषक के रूप में काम किया। आगे चलकर यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय के प्रकाशन विभाग में सहायक संपादक की जिम्मेदारी संभाली। विश्वविद्यालय में प्राध्यापक और निदेशक जैसे पदों पर कार्य करते हुए उन्होंने शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई। इसी विश्वविद्यालय से वे सेवानिवृत्त हुए।

अक्करमाशी ने साहित्य जगत में मचाई हलचल

डॉ. लिंबाले की पहचान का सबसे महत्वपूर्ण आधार उनकी आत्मकथा ‘अक्करमाशी’ है। वर्ष 1984 में प्रकाशित इस आत्मकथा ने मराठी साहित्य जगत में व्यापक चर्चा पैदा की। इसमें उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों के माध्यम से जातिव्यवस्था की क्रूरता, अस्पृश्यता, सामाजिक बहिष्कार और मानवीय सम्मान के लिए संघर्ष को बेबाकी से प्रस्तुत किया।

‘अक्करमाशी’ केवल एक व्यक्ति की आत्मकथा बनकर नहीं रही, बल्कि वंचित समाज के व्यापक सामाजिक यथार्थ का दस्तावेज बन गई। समाज की स्थापित व्यवस्था में अपनी पहचान और स्थान तलाशते व्यक्ति की पीड़ा को इस कृति ने प्रभावशाली ढंग से सामने रखा। इसका अंग्रेजी अनुवाद ‘द आउट कास्ट’ नाम से प्रकाशित हुआ। हिंदी सहित कई भारतीय भाषाओं में भी इसका अनुवाद हुआ, जिससे मराठी दलित साहित्य को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिली।

दलित साहित्य को दिया स्वतंत्र सौंदर्यशास्त्र

लिंबाले का योगदान केवल आत्मकथा लेखन तक सीमित नहीं है। दलित साहित्य की वैचारिक व्याख्या और आलोचना के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी पुस्तक ‘दलित साहित्य का सौंदर्यशास्त्र’ को इस दिशा में मील का पत्थर माना जाता है।

उनका मानना है कि साहित्य का मूल्यांकन केवल पारंपरिक सौंदर्यबोध और स्थापित साहित्यिक मानदंडों के आधार पर नहीं किया जा सकता। साहित्य के पीछे मौजूद सामाजिक वास्तविकता, अनुभवों की प्रामाणिकता, मानवीय पीड़ा, संघर्ष और परिवर्तन की चेतना को भी महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने दलित साहित्य को केवल पीड़ा की अभिव्यक्ति न मानकर स्वतंत्र विचारधारा, सांस्कृतिक अस्मिता और सामाजिक परिवर्तन की आवाज के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया।

उपन्यास और आलोचना में व्यापक लेखन

डॉ. लिंबाले ने साहित्य की लगभग सभी प्रमुख विधाओं में लेखन किया है। उनकी रचनाओं में जातिव्यवस्था, सामाजिक इतिहास, सांस्कृतिक संघर्ष और वंचित समुदायों के जीवन का व्यापक चित्रण मिलता है।

उपल्या, हिंदू, बहुजन, झुंड, सनातन और रामराज्य उनके प्रमुख उपन्यास हैं। ‘दलित ब्राह्मण’, ‘देवता आदमी’ और ‘दंगल’ उनके चर्चित कहानी संग्रह हैं। ‘उद्रेक’, ‘ओ’ और ‘यलगार’ उनकी प्रमुख काव्य रचनाएं हैं। उनके लेखन पर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। स्वतंत्रता, समानता, न्याय, बंधुता और मानवीय गरिमा उनके साहित्य के प्रमुख मूल्य हैं।

सनातन से राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान

वर्ष 2018 में प्रकाशित उनका उपन्यास ‘सनातन’ साहित्यिक सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ। इस उपन्यास में उन्होंने भारतीय समाज की जातिव्यवस्था के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्वरूप को उजागर किया। अस्पृश्य समाज का जीवन, उसका संघर्ष, इतिहास में उसका योगदान और सामाजिक व्यवस्था में उसकी स्थिति जैसे विषयों को इसमें व्यापक रूप से प्रस्तुत किया गया है।

इस उपन्यास के लिए उन्हें वर्ष 2020 का प्रतिष्ठित सरस्वती सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान प्राप्त करने वाले वे पहले दलित साहित्यकार बने। इससे उनके साहित्यिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली। इसके अलावा ‘सनातन’ को वर्ष 2024 के जेसीबी साहित्य पुरस्कार की अंतिम चयन सूची में भी स्थान मिला।

कई भाषाओं में अनूदित हुईं रचनाएं

लिंबाले का साहित्य मराठी भाषा तक सीमित नहीं रहा। उनकी रचनाओं का हिंदी, अंग्रेजी, मलयालम, तमिल, कन्नड़, गुजराती और पंजाबी सहित विभिन्न भाषाओं में अनुवाद हुआ है। देश के कई विश्वविद्यालयों में उनके साहित्य का अध्ययन और उन पर शोध किया जाता है। प्रकाशकों की जानकारी के अनुसार, उनके नाम पर अब तक 46 प्रकाशित साहित्यिक कृतियां दर्ज हैं।

sharankumar limbale100th marathi sahitya sammelan presiden
मुंबई में 1.7 करोड़ की 25 लग्जरी हाइब्रिड बसें 20 महीने से कबाड़, हर साल बीमा पर खर्च हो रहे 20 लाख रुपये

प्रमुख साहित्यिक कृतियां

  • आत्मकथा: अक्करमाशी, पुन्हा अक्करमाशी

  • उपन्यास: उपल्या, हिंदू, बहुजन, झुंड, सनातन, रामराज्य, नरवानर

  • कहानी संग्रह: दलित ब्राह्मण, देवता आदमी, दंगल

  • कविता: उद्रेक, ओ, यलगार

  • समीक्षा एवं वैचारिक लेखन: दलित साहित्य का सौंदर्यशास्त्र, दलित साहित्य और सौंदर्य

  • दलित आत्मकथा: एक आकलन, शतकातील दलित विचार, दलित पैंथर, साहित्य के मानदंड बदलने होंगे।

sharankumar limbale100th marathi sahitya sammelan presiden
डिपो और चार्जिंग स्टेशन तैयार, फिर भी नहीं दौड़ीं जलगांव की ई-बसें, 2027 तक टल सकती है सेवा; जानें वजह

100वें साहित्य सम्मेलन की अध्यक्षता महत्वपूर्ण उपलब्धि

पुणे में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले 100वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष पद पर डॉ. शरणकुमार लिंबाले का चयन उनके लंबे साहित्यिक और वैचारिक योगदान का महत्वपूर्ण सम्मान है। आत्मकथा के माध्यम से सामाजिक व्यवस्था की विसंगतियों को सामने लाने से लेकर दलित साहित्य को स्वतंत्र वैचारिक आधार देने तक उनका सफर मराठी साहित्य के इतिहास में विशेष स्थान रखता है।

नवभारत लाइव के लिए समीर सय्यद की रिपोर्ट