Pune Mumbai Expressway Heavy: गणेशोत्सव के दौरान गणेश प्रतिमाओं के आगमन और विसर्जन जुलूसों के चलते ठाणे, नवी मुंबई और मुंबई क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए भारी एवं मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित दिनों और समय में प्रतिबंध लगाया गया है।
इसका सीधा असर पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 48 से मुंबई की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर पड़ेगा।
हाईवे सुरक्षा दल के पुणे परिक्षेत्र ने ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों से प्रतिबंधित अवधि को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।
अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात), महाराष्ट्र राज्य के निर्देशानुसार यह प्रतिबंध लागू किया गया है। हाईवे सुरक्षा दल द्वारा प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
पिंपरी चिंचवड़, गणेश विसर्जन जुलूसों के दौरान भीड़ और यातायात जाम से बचने के लिए पिपरी-चिंचवड़ पुलिस ने शहर में अस्थायी यातायात बदलाव लागू किए हैं। पुलिस उपायुक्त (यातायात) विक्रांत देशमुख ने कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से मोड़ने के आदेश दिए है।
भोसरी में 14 से 25 सितंबर तक निर्धारित समय में भोसरी ब्रिज के नीचे से पीएमपीएमएल बसों का प्रवेश बंद रहेगा। बसै पांजरपोल या मैग्जीन चौक से चलेंगी, जबकि चिखली में आलंदी रोड का यातायात भारतमाता चौक की ओर मोड़ा गया है।
प्रवेश प्रतिबंध के दौरान एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की लंबी कतार लगने की आशंका रहती है। इसे रोकने के लिए ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों से वाहनों को प्रतिबंध शुरू होने से पहले ही ट्रक टर्मिनल, लॉजिस्टिक पार्क या सुरक्षित निजी पार्किंग में खड़ा करने की अपील की गई है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, गणेशोत्सव के अंतिम और सबसे बड़े विसर्जन दिवस अनंत चतुर्दशी, 25 सितंबर को रात 12।01 बजे से 26 सितंबर दोपहर 12 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।