CM फडणवीस ने बालेवाड़ी से हिंजवड़ी फेज-2 तक पुणे मेट्रो-3 में पहला सफर किया।
इस नए और आधुनिक पिंक मेट्रो रूट का संचालन महिला ट्रेन पायलटों द्वारा किया गया।
CM ने मेट्रो यात्रा के दौरान स्कूली छात्राओं और आईटी क्षेत्र के युवाओं से संवाद किया।
CM Fadnavis Buys First Ticket Of Pune Metro: पुणे मेट्रो के नए रूट के उद्घाटन और मेट्रो फेज-2 के भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार के साथ मेट्रो में सफर किया। उन्होंने बालेवाड़ी स्थित शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से हिंजवड़ी फेज-2 मेट्रो स्टेशन तक यात्रा की। इस नए रूट का पहला टिकट मुख्यमंत्री फडणवीस ने खुद खरीदा और मेट्रो सफर का अनुभव लिया।
इस दौरान पुणे मेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डीकर ने मुख्यमंत्री को नए मेट्रो रूट, स्टेशनों और परियोजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी।
सफर में केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, पुणे की महापौर मंजुषा नागपुरे, पिंपरी-चिंचवड़ के महापौर रवि लांडगे और पीएमआरडीए आयुक्त अभिजीत चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस यात्रा की खास बात यह रही कि पिंक मेट्रो का संचालन महिला ट्रेन पायलटों ने किया। लीड ट्रेन पायलट प्रगति बिरादार ने मेट्रो की कमान संभाली, जबकि ट्रेन पायलट ऐश्वर्या सूर्यपूजारी ने भी अहम भूमिका निभाई। महिला कर्मचारियों की भागीदारी ने आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया।
मेट्रो यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्कूली छात्राओं और आईटी क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं से बातचीत की। उन्होंने यात्रियों से मेट्रो सफर के अनुभव, उपलब्ध सुविधाओं और नए रूट से रोजाना के आवागमन में होने वाले फायदे के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने बालेवाड़ी से हिंजवड़ी फेज-2 मेट्रो स्टेशन तक करीब छह किलोमीटर का सफर किया। महिला ट्रेन पायलटों के संचालन और यात्रियों से मुख्यमंत्री के सीधे संवाद ने नए मेट्रो रूट पर इस पहली यात्रा को खास बना दिया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्घाटन कार्यक्रम में अपने भाषण में कहा कि पुणे, पिंपरी-चिंचवड़ और पुणे महानगर क्षेत्र (PMR) में मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस, इनर रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, टनल और नए एयरपोर्ट जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाओं का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद 2030 तक पुणे महानगर क्षेत्र देश के प्रमुख मोबिलिटी हब के रूप में विकसित होगा।
- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट