

पीएम मोदी ने पुणे मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन किया।
पीएम मोदी ने मराठी में किसानों से साधा संवाद।
पीएम मोदी बोले- अजिबात काळजी करू नका।
PM Modi Maharashtra Farmers Relief: महाराष्ट्र के पुणे शहरवासियों के लिए आज का दिन बेहद खास और ऐतिहासिक साबित हुआ। पुणे की बहुप्रतीक्षित 'मान-हिंजवड़ी से शिवाजीनगर' मेट्रो आखिरकार आम यात्रियों की सेवा के लिए तैयार हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम के जरिए इस महत्वाकांक्षी मेट्रो प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद कल से इस नए रूट पर मौजूद सभी 17 स्टेशनों से यात्रियों के लिए मेट्रो सेवाएं प्रत्यक्ष रूप से शुरू कर दी जाएंगी। इस मेट्रो रूट के शुरू होने से पुणे शहर में वर्षों से चली आ रही भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। विशेष रूप से हिंजवड़ी आईटी पार्क में काम करने वाले लाखों आईटी पेशेवरों और दैनिक यात्रियों का समय बचेगा और उनका सफर अधिक सुरक्षित, तेज और आरामदायक बनेगा।
मेट्रो के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का ध्यान केवल बुनियादी ढांचे के विकास तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने महाराष्ट्र के संकटग्रस्त किसानों के प्रति भी अपनी गहरी संवेदना और प्रतिबद्धता व्यक्त की।
पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र में मौसम की बेरुखी के कारण किसान परिवारों को इस समय मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ सालों में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में जल संरक्षण का बहुत सारा काम हुआ है, लेकिन इस प्राकृतिक आपदा ने बड़ी परेशानी पैदा कर दी है। मैं महाराष्ट्र के प्रत्येक किसान भाई बहन को यह भरोसा देता हूं कि संकट के इस समय में एनडीए सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ी है।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मराठी में बात करते हुए कहा महाराष्ट्रातील दुष्काळाची मला माहिती आहे। राज्य सरकार ने मदद सुद्धा दिली आहे। मी पीएम किसान सम्मान निधी जमा केली। अजिबात काळजी करू नका आम्ही सगळे शेतकऱ्यांसोबत आहोत।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मराठी संबोधन का हिंदी अनुवाद है "मैं महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति से अवगत हूं। राज्य सरकार ने भी मदद दी है। मैंने पीएम किसान सम्मान निधि की राशि जारी कर दी है। बिल्कुल भी चिंता न करें; हम सब किसानों के साथ खड़े हैं। पीएम के इस आत्मीय मराठी संवाद ने राज्य भर के किसानों का दिल जीत लिया।
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि मुश्किल की इस घड़ी में केंद्र की एनडीए सरकार महाराष्ट्र के हर एक किसान के साथ चट्टान की तरह खड़ी है और उन्हें हर संभव आर्थिक व प्रशासनिक मदद मुहैया कराई जाएगी। एक तरफ जहां पुणेकरों को आधुनिक मेट्रो परिवहन की बड़ी सौगात मिली है, वहीं दूसरी तरफ प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे राज्य के किसानों को केंद्र सरकार से एक बड़ा संबल और भरोसा मिला है।