Nashik Police Mission All Out Crackdown On Hooligans: अपराध को जड़ से खत्म करने और नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक के मार्गदर्शन में नासिक पुलिस ने मिशन ऑलआउट और कॉम्बिंग ऑपरेशन की मुहिम तेज कर दी है।
नासिकरोड और सातपूर इलाकों में सफल कार्रवाई के बाद, अब गंगापूर पुलिस ने भी अपने अधिकार क्षेत्र में जोरदार अभियान चलाकर हुड़दंगियों और संदिग्धों पर नकेल कसी है। लगातार जारी इस कड़ी कार्रवाई से शहर के असामाजिक और आपराधिक प्रवृत्ति के तत्वों में भारी खौफ का माहौल है।
कुछ दिनों पहले नासिकरोड स्थित वास्को होटल के सामने हुए सनसनीखेज हमले के बाद पुलिस ने गुरुवार 18 जून को नासिकरोड इलाके में 70 से अधिक हुड़दंगियों को हिरासत में लिया था। इसके तुरंत बाद, 20 जून को सातपूर पुलिस ने ऑलआउट कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर 103 हुड़दंगियों सहित अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए। इन दो बड़ी कार्रवाइयों के बाद अब गंगापूर पुलिस स्टेशन की सीमा में भी पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाकर संदिग्ध ठिकानों, होटलों और चौराहों पर बेवजह घूमने वाले उपद्रवियों की जमकर क्लास ली।
नासिक पुलिस द्वारा चलाए गए बेहद सफल मिशन बालेकिल्ला के कारण शहर के अधिकांश बड़े गैंग, आदतन अपराधी और गिरोह या तो जेल की सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं या उन्हें शहर से तड़ीपार कर दिया गया है।
संगठित अपराध को खत्म करने के बाद अब पुलिस ने अपना ध्यान शहर की गलियों में गुंडागर्दी करने वालों, महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों और खुलेआम शराब पीने वालों की ओर केंद्रित किया है। छोटे अपराध ही आगे चलकर बड़े अपराधों की वजह बनते हैं, इसी बात को ध्यान में रखकर पुलिस प्रशासन ने यह कड़ा रुख अपनाया है।
यह भी पढ़ेः- BEST को बेस्ट बनाएंगे; वेतन में भी होगी बढ़ोतरी, एकनाथ शिंदे के आश्वासन से खत्म हुई BEST की हड़ताल
गंगापूर पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत आने वाले संवेदनशील इलाकों, कॉलेज रोड, हुड़दंगियों के अड्डों और देर रात तक खुली रहने वाली टपरियों पर पुलिस ने अचानक छापेमारी की। यह अभियान जोन-2 के पुलिस उपायुक्त किशोर काले और गंगापूर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सीधे नियंत्रण में चलाया गया। इस कार्रवाई में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनका मिशन ऑल आउट लगातार जारी रहेगा और कानून हाथ में लेने या सड़कों पर हुड़दंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। लगातार 3 पुलिस थानों की सीमाओं में हुई इस महा-कार्रवाई से नासिक के नागरिकों ने राहत की सांस ली है और गंगापूर पुलिस के इस आक्रामक रुख का जनता द्वारा स्वागत किया जा रहा है।