छत्रपति संभाजीनगर ग्रामीण पुलिस के 'Operation All Out' से एक ही रात में 2.32 करोड़ रुपये का माल हुआ जब्त

Sambhajinagar Police Operation All Out: छत्रपति संभाजीनगर ग्रामीण पुलिस के 'ऑपरेशन ऑल आउट' में एक रात में 2.32 करोड़ रुपये का माल जब्त हुआ। 73 मामले दर्ज कर 77 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
Chhatrapati Sambhajinagar Police Operation All Out Major Action Against Crime
जब्त सामान के साथ अधिकारीगण (सोर्सः फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Police Operation All Out Major Action Against Crime: जिले के ग्रामीण पुलिस ने जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 'ऑपरेशन ऑल आउट' के तहत एक ही रात में 2 करोड़ 32 लाख 4 हजार 723 रुपये का माल जब्त किया है। इस दौरान 73 मामले दर्ज कर 77 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान से अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक ने अपनाई शून्य सहनशीलता की नीति

अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत स्वामी की निगरानी में शनिवार शाम छह बजे से रविवार सुबह छह बजे तक जिले भर में नाकाबंदी और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसमें सभी उपविभागीय पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने भाग लिया।

सबसे बड़ी कार्रवाई अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ की गई। इस मामले में आठ प्रकरण दर्ज कर 11 वाहन जब्त किए गए। कुल एक करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये का माल जब्त किया गया। पहले से दर्ज मामलों में पकड़े गए 60 वाहनों तथा 12 चालकों के लाइसेंस निरस्त करने का प्रस्ताव क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को भेजा गया है। ताजा जब्त 11 वाहनों के निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

अवैध देसी शराब बनाने वालों के खिलाफ नौ मामले दर्ज कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एक हजार 110 लीटर शराब, रसायन और उपकरण नष्ट किए गए, जिनकी कीमत 90 हजार 750 रुपये है। बिना लाइसेंस शराब बेचने वाले 31 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 685 बोतलें और 74 हजार 965 रुपये का माल जब्त किया गया।

जुआ अड्डों पर छापेमारी कर 20 लोगों को हिरासत में लिया गया। आठ मामले दर्ज करते हुए 82 हजार 960 रुपये नकद तथा 10 मोटरसाइकिल समेत कुल 5 लाख 38 हजार 110 रुपये का माल जब्त किया गया।

शस्त्र कानून के तहत दो मामले दर्ज कर दो देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और एक तलवार बरामद की गई। जब्त सामग्री की कीमत एक लाख 23 हजार रुपये बताई गई है। प्रतिबंधित गुटखा और सुगंधित तंबाकू की तस्करी के खिलाफ छह मामलों में 12 लाख 30 हजार 932 रुपये का माल और एक वाहन जब्त किया गया।

शहर में अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी

गोवंश तस्करी और अवैध वध के खिलाफ दो मामले दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 120 किलोग्राम गोमांस सहित 12 लाख 84 हजार रुपये का माल जब्त किया गया। साथ ही 24 गोवंशों को मुक्त कर सुरक्षित गोशाला भेजा गया। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने के दो मामले दर्ज किए गए, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 13 वाहन चालकों से 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में भी नाकाबंदी, सघन तलाशी और विशेष अभियानों के माध्यम से असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण पुलिस ने जिले में अपराध और अवैध धंधों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई है और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com