Karz Maafi Nashik News: नासिक जिले के कर्ज के बोझ तले दबे किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए शेतकरी कर्जमुक्ती आंदोलन समिति ने आंदोलन को तेज करने का फैसला लिया है। पिंपलगांव बसवंत में समिति ने सरकार से मांग की है कि किसानों का पूरा ब्याज पूरी तरह से माफ किया जाए और उनके मूलधन की वापसी के लिए 10 आसान किस्तों की सुविधा दी जाए।
इस मांग को प्रशासनिक स्तर तक मजबूती से पहुंचाने के लिए समिति ने जिले के प्रत्येक गांव की सहकारी सोसायटियों की आगामी वार्षिक आम सभाओं में किसानों से एकजुट होकर प्रस्ताव पारित कराने का आह्वान किया है।
समिति के पदाधिकारियों ने नासिक जिले भर के किसानों से अपील की है कि वे अपने-अपने गांवों की प्राथमिक कृषि साख सहकारी सोसायटियों (PKPS) की वार्षिक साधारण सभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
बैठकों में "किसानों का पूरा ब्याज माफ कर मूलधन की वसूली 10 किस्तों में की जाए" शीर्षक वाला प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास कराया जाए। गावोगाँव से पारित इन प्रस्तावों को राज्य सरकार के समक्ष प्रस्तुत कर आंदोलन को व्यापक और जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
समिति का कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं, बेमौसम बारिश और कृषि उपज के अनिश्चित दामों के कारण किसानों पर आर्थिक तनाव लगातार बढ़ रहा है। कर्ज के इस चक्रव्यूह से किसानों को बाहर निकालने के लिए सरकार को तत्काल किसान हित में निर्णय लेना चाहिए।
यह अपील समिति अध्यक्ष किसानवीर भगवान बोराडे, कैलास बोरसे, दिलीप पाटील, मोती नाना पाटील, खेमराज कोर और प्रशांत कड ने संयुक्त रूप से की है।