नासिक में गणेश विसर्जन पर 18 और 20 सितंबर पर ट्रैफिक डायवर्जन, 2 से रात 12 बजे तक इन रूटों पर नहीं जा सकेंगे

Nashik Ganesh Visarjan Traffic Diversion: गणेश विसर्जन को देखते हुए नासिक में 18 और 20 सितंबर को दोपहर 2 से रात 12 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध रहेंगे। कमर्शियल वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू होगा।
Nashik Ganesh Visarjan Traffic Diversion On Septembe
गणेशोत्सव(फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Ganesh Visarjan Traffic Diversion On September 18 And 20: गणेशोत्सव के पांचवें और सातवें दिन नासिक शहर में निकलने वाली विशाल विसर्जन शोभायात्राओं को सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिस ने दो दिनों के लिए विशेष यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए हैं।

इन दिनों में घरेलू और सार्वजनिक दोनों प्रकार की गणेश मूर्तियों का विसर्जन एक ही समय पर होने के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर भारी भीड़ जुटती है। विसर्जन जुलूस और मनमोहक झांकियां देखने के लिए पंचवटी कारंजा, मालेगांव स्टैंड, रविवार कारंजा और अशोक स्तंभजैसे मध्यवर्ती क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

यातायात प्रबंधन को सुगम बनाने और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए 18 और 20 सितंबर को दोपहर 2:00 बजे से रात 12:00 बजे तक निमाणी बस स्टैंड से पंचवटी कारंजा, मालेगांव बस स्टैंड और रविवार कारंजा की ओर जाने वाली सभी कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

आपातकालीन वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति

नासिक शहर के मध्यवर्ती और पंचवटी इलाकों में विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों की रूपरेखा तैयार की है। निमाणी की ओर से आने वाले वाहनों को काट्‌यामारुति चौक, संतोष टी प्वाइंट, कन्नमवार पुल और द्वारका मार्ग से अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

इसी तरह सीबीएस की ओर से आने वाले वाहन रामवाड़ी ब्रिज, मखमलाबाद नाका, पेठ नाका और दिंडोरी नाका होकर पंचवटी की तरफ जा सकेंगे, नासिक रोड की ओर जाने वाले यात्रियों को काठे गल्ली और विश्वकर्मा चौक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विसर्जन मार्ग पर केवल पुलिस, एम्बुलेंस और अग्निशमन दल (फायर ब्रिगेड) के आपातकालीन वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।

Nashik Ganesh Visarjan Traffic Diversion On Septembe
छत्रपति संभाजीनगर को मिलीं 61 AC बसें, CM फडणवीस से समय नहीं मिला, लोकार्पण के लिए अब नई तारीख का इंतजार

स्थानीय प्रशासन की नागरिकों से अपील

ट्रैफिक पुलिस विभाग ने सभी नागरिकों, वाहन चालकों और गणेश भक्तों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। विसर्जन जुलूस के दौरान शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com