Adulterated Khoya Mava Seized In Nanded: त्योहारों के सीजन की शुरुआत के साथ ही बाजारों में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर नकेल कसने के लिए तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। राज्यव्यापी चलाए जा रहे विशेष अभियान 'सुरक्षित भोजन, सुरक्षित महाराष्ट्र' के तहत FDA की टीम ने नांदेड़ जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस छापेमारी में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से करीब 2.9 लाख रुपये मूल्य की 675 किलोग्राम असुरक्षित खाद्य सामग्री जब्त की गई है।
FDA अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान आम जनता तक सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां, खोया, दूध, डेयरी उत्पाद और अन्य खाद्य वस्तुएं उपलब्ध कराना है। त्योहारों के समय मिठाइयों और दूध उत्पादों की मांग अचानक बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व और व्यापारी मिलावटी सामान बेचने लगते हैं। इसी पर रोक लगाने के लिए FDA ने जिलेभर में अचानक सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है।
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने नांदेड़ के 6 प्रमुख प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 8 खाद्य नमूनों को जांच और विश्लेषण के लिए लैब भेजा, वहीं कुल 675 किलोग्राम संदेहास्पद सामग्री को तुरंत प्रभाव से जब्त कर लिया।
नांदेड़ के देगलूर नाका स्थित शिवकृपा दूध भंडार से अधिकारियों ने 88 किलोग्राम घी और 49 किलोग्राम खोया जब्त किया।
मालेगांव रोड स्थित श्रीसाई खोया सेंटर से 99 किलोग्राम खोया जब्त किया गया
एमआईडीसी क्षेत्र स्थित खंडेलवाल स्वीट्स से भी 99 किलोग्राम खोया जब्त किया गया।
भोकर तहसील के पालज गांव से 38 किलोग्राम कुंदा पेड़ा और 78 किलोग्राम मीठा पेड़ा जब्त किया गया।
बिलोली तहसील के कुंडलवाड़ी स्थित काशीराम डाचावर से 146 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया।
माहूर तहसील के वाई बाजार स्थित जगदंबा बीकानेर से 78 किलोग्राम मावा पेड़ा भी जब्त किया गया।
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत नांदेड़ जिले के 28 अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों और दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता की जांच के लिए 26 अतिरिक्त सैंपल एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
FDA अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की है। यदि किसी उपभोक्ता को खाद्य पदार्थों में मिलावट या असुरक्षित खाद्य सामग्री बेचे जाने का संदेह होता है, तो वे तुरंत नांदेड़ स्थित FDA कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, उपभोक्ता FoSCoS ऑनलाइन पोर्टल या विभाग के आधिकारिक शिकायत पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।