मुंबई में गूंजे गणपति बप्पा मोरया के जयकारे, लालबागचा राजा की विसर्जन यात्रा शुरू, देखें Live

Mumbai Ganesh Visarjan: अनंत चतुर्दशी पर मुंबई में ढोल-ताशों और गुलाल के बीच गणपति विसर्जन शोभायात्राएं शुरू हो गई हैं। 'लालबागचा राजा' समेत सभी प्रमुख प्रतिमाओं को विदाई देने भारी भीड़ उमड़ी है।
Mumbai Lalbaugcha Raja Visarjan
लालबागचा राजा की विसर्जन यात्रासोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Lalbaugcha Raja Visarjan Live: मुंबई और महाराष्ट्र समेत पूरे देश में 12 दिनों तक चले भव्य गणेशोत्सव का आज अनंत चतुर्दशी के अवसर पर समापन हो रहा है। शुक्रवार सुबह से ही सपनों के शहर मुंबई में भगवान गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर शुरू हो चुका है। पूरे शहर में "गणपति बप्पा मोरया, पुढच्या वर्षी लवकर या" के नारों, ढोल-ताशों की गूंज, पारंपरिक संगीत और गुलाल व फूलों की बारिश के साथ श्रद्धालु अपने प्रिय बाप्पा को विदाई दे रहे हैं।

सार्वजनिक गणेश पंडालों में सुबह विशेष पूजा और अंतिम महाआरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद प्रमुख मंडलों की विसर्जन शोभायात्राएं अत्यंत उल्लास और भक्तिभाव के साथ निकाली गईं। दिन ढलने के साथ ही शहर के अन्य इलाकों से भी छोटी-बड़ी विसर्जन यात्राएं शुरू हो रही हैं, जो देर रात तक जारी रहेंगी।

लालबाग में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

मुंबई का प्रसिद्ध लालबाग इलाका आज तड़के से ही भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों समेत हजारों की संख्या में श्रद्धालु सड़कों के दोनों ओर खड़े होकर विसर्जन शोभायात्राओं और पुष्पवर्षा का आनंद ले रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी मुंबई और देश के कोने-कोने से लोग 'लालबागचा राजा' के अंतिम दर्शन करने और उनकी भव्य विसर्जन यात्रा में शामिल होने पहुंचे हैं।

लालबाग के राजा की औपचारिक पूजा शुक्रवार को सुबह 10 बजे की गई। पूजा के बाद लालबागचा राजा का शाही विसर्जन जुलूस दोपहर 12 बजे शुरू हुआ। लालबाग के राजा' का विसर्जन जुलूस मुंबई में सबसे लंबा और सबसे प्रतिष्ठित माना जाता है।

लालबागचा राजा का विसर्जन रूट

लालबागचा राजा का शाही विसर्जन जुलूस लालबाग मार्केट से शुरू हुआ। फिर मुख्य प्रवेशद्वार, भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग, भारत माता सिनेमा, लालबाग पुलिस चौकी, श्रॉफ बिल्डिंग, फूलों की बारिश, चिंचपोकली ब्रिज, भायखला रेलवे स्टेशन, हिंदुस्तान मस्जिद, मुंबई अग्निशमन दल मुख्यालय के पास फायर डिपार्टमेंट सायरन बजाकर लालबाग दे राजा को सलामी देगा, खड़ा पारसी, दो टैंक में मुस्लिम भाई फूल चढ़ाएंगे।

कुंभरवाड़ा, सुतार गली, माधवबाग, वी पी रोड, प्रार्थना समाज, गिरगांव चौपाटी सिग्नल, मुंबई बीएमसी रिसेप्शन रूम गिरगांव चौपाटी, लालबाग के राजा का विसर्जन रैफल गिरगांव चौपाटी पहुंचेगा। 26 सितंबर, शनिवार को सुबह 6 बजे लालबाग के राजा का शाही विसर्जन जुलूस अरब सागर में राफ्ट से शुरू किया जाएगा।

सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम

गणेश विसर्जन के इस विशाल आयोजन को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मुंबई पुलिस और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।

  • 24,000+ पुलिसकर्मी तैनात: शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुगम बनाने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरे दिन 24,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को सड़कों पर उतारा गया है।

  • 25,000 बीएमसी कर्मचारी ड्यूटी पर: बीएमसी ने विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश और सहायता के लिए 25,000 से अधिक कर्मचारियों को तैनात किया है।

  • आपातकालीन सेवाएं: प्राकृतिक जलाशयों के साथ-साथ पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन के लिए शहरभर में सैकड़ों कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं। इसके अलावा चौपाटियों पर लाइफगार्ड, मोटरबोट, क्रेन, एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों को चौबीसों घंटे अलर्ट पर रखा गया है।

Mumbai Lalbaugcha Raja Visarjan
Pune Ganesh Visarjan: विसर्जन से पहले ही बंद हुए रास्ते, पुणे-पिंपरी में ट्रैफिक डायवर्जन से बढ़ी परेशानी

मुंबई प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की ये अपील

BMC प्रशासन और मुंबई पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें, केवल निर्धारित विसर्जन स्थलों का ही उपयोग करें और समुद्र या गहरे पानी में जाने से बचें। साथ ही, शोभायात्रा के दौरान तैनात पुलिस और नागरिक कर्मचारियों का सहयोग करने का आग्रह किया गया है ताकि उत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com