Nagpur Night Nakabandi: नागपुर शहर में रात के समय ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं। बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए सिटी की ट्रैफिक पुलिस ने रात की नाकाबंदी का दायरा लगभग दोगुना करने का फैसला किया है।
सोमवार से नागपुर शहर में 12 के बजाय 25 स्थानों पर एक साथ नाकाबंदी की शुरुआत की गई। रात 10 बजे से 2 बजे तक चलने वाली इस कार्रवाई में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के साथ बिना हेलमेट, ट्रिपल सीट और बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रात के समय वाहन चालकों द्वारा नियमों की अनदेखी अधिक होती है। खासकर शराब पीकर वाहन चलाने और बिना हेलमेट बाइक दौड़ाने के कारण हादसों का खतरा बढ़ जाता है। हादसे में हेलमेट नहीं पहनने वाले दोपहिया चालकों को सिर में गंभीर चोट लगने के मामले सामने आते हैं। अधिकांश घटनाओं में चोट जानलेवा भी साबित होती है।
नागपुर शहर के डीसीपी ट्रैफिक आदित्य मिरखेलकर ने बताया कि सड़क हादसों की बढ़ती चिता को देखते हुए रात की चेकिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाया गया है। अब एक ही अभियान के तहत विभिन्न प्रकार के ट्रैफिक उल्लंघनों की जांच की जाएगी।
इसका उद्देश्य केवल शराबी वाहन चालकों को पकड़ना नहीं, बल्कि रात के समय सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। अब तक रात में दो चरणों में नाकाबंदी होती थी। शाम 7 से रात 10 बजे तक 12 स्थानों पर वाहनों की जांच की जाती थी। इसके बाद रात 11 बजे से 2 बजे तक फिर 12 स्थानों पर चेकिंग होती थी।
नई व्यवस्था में दोनों चरणों को समेटते हुए रात 10 से 2 बजे तक 25 स्थानों पर एक साथ नाकाबंदी की जाएगी। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, हेलमेट नहीं पहनने, ट्रिपल सीट सवारी करने और वाहन के जरूरी दस्तावेज नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
नागपुर ट्रैफिक पुलिस की रणनीति में सबसे अहम बदलाव नाकाबंदी के स्थानों को लेकर किया गया है। 25 नाकाबंदी पॉइंट रोजाना बदले जाएंगे। यानी शराबी वाहन चालकों को किसी एक स्थान की जानकारी होने का फायदा नहीं मिल सकेगा।
अचानक बदलते चेकिंग पॉइंट के कारण वाहन चालकों के बीच पुलिस कार्रवाई का डर बना रहेगा। पुलिस का मानना है कि लगातार और अचानक होने वाली इस तरह की कार्रवाई - से न केवल शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगेगा, बल्कि रात के समय हेलमेट, ट्रिपल सीट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी लगाम लगेगी।।