

Nagpur Fake Number Plate Racket: बैंक और फाइनेंस कंपनी से बचने के लिए ट्रांसपोर्टरों ने जबरदस्त योजना बनाई। अपने वाहन रास्ते पर न पकड़े जाएं, इसीलिए एक ही ट्रक का नंबर अन्य 3 वाहनों पर डाल दिया। क्राइम ब्रांच के वाहन चोरी विरोधी दस्ते ने इसका पर्दाफाश किया। पुलिस ने 4 वाहन जब्त किए हैं।
इसके साथ ही ट्रांसपोर्टरों पर मामला भी दर्ज किया गया। आरोपियों में नेताजीनगर, कलमना निवासी राजेंद्र सिंह सतनाम सिंह रंधावा (51), सुखदेव सिंह राजेंद्र सिंह रंधावा (24) और हीरापुर, रायपुर निवासी शिवा सिंह लक्ष्मण जाधव का समावेश है।
क्राइम ब्रांच की टीम को जानकारी मिली थी कि कलमना मार्केट परिसर से माल लाने-ले जाने का काम करने वाले अलग-अलग ट्रकों पर एक ही नंबर प्लेट लगी है। ट्रांसपोर्टर एक ही नंबर अन्य ट्रकों पर लगाकर शासन का राजस्व डुबो रहे हैं।
सूचना के आधार पर रविवार देर रात पुलिस ने कलमना मार्केट की पार्किंग पर दबिश दी। जांच करने पर 4 ट्रकों में एम.एच.40-सी.टी.8683 नंबर दिखाई दिया। पूछताछ करने पर रंधावा के ट्रक होने का पता चला।
एक ट्रक में पारले कंपनी की बिस्किट और 210 पोते चावल भी लदा था। पुलिस ने चारों ट्रकों को वहीं जब्त कर लिया। जांच में पता चला कि एक ट्रक पर असली नंबर था। वह वाहन फाइनेंस कंपनी से क्लियर था।
अन्य वाहनों की किस्तें और लोन बाकी था। फाइनेंस कंपनी के लोग वाहन न पकड़ पाएं, इसीलिए ट्रांसपोर्टरों ने अपने 3 वाहनों में भी वही नंबर डाल रखा था। रंधावा के खिलाफ कलमना थाने में धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया गया। आगे की जांच कलमना पुलिस कर रही।
पुलिस को अंदेशा है कि ट्रांसपोर्टरों द्वारा चलाए जा रहे इस फर्जीवाड़े का जाल सिर्फ इन्हीं ट्रकों तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य वाहनों पर भी फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।
इस कार्रवाई के बाद से फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गाड़ियों का संचालन करने वाले अन्य ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों में भी हड़कंप मच गया है।
पुलिस अब बैंक लोन धोखाधड़ी, आरटीओ (RTO) राजस्व की चोरी और अन्य संभावित फर्जी नंबर वाले वाहनों का पता लगाने के लिए कलमना क्षेत्र में गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।