Highlights:
नागपुर के पात्र झुग्गीवासियों को मार्च 2027 तक मालिकाना हक के पट्टे देने का लक्ष्य।
मनपा, एनआईटी और राज्य सरकार की जमीन पर बसी झुग्गियों का वार्डवार सर्वेक्षण होगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र नागरिकों को घर उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम बनेगा।
गुंठेवारी कानून के तहत आने वाले भूखंड धारकों को प्रॉपर्टी कार्ड देने की योजना तैयार होगी।
Nagpur Slum Dwellers Patta: नागपुर शहर का एक भी पात्र झुग्गीवासी मालिकाना हक के पट्टे से बंचित न रहे, इसके लिए मार्च 2027 तक पट्टा वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाए, साथ ही पात्र नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम चलाया जाए। यह निर्देश पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दिए।
उन्होंने मनपा, एनआईटी और राज्य सरकार की जमीन पर बसी झुग्गियों का प्रभाग-वार (वार्ड-वार) सर्वेक्षण कर पार्षदों के सहयोग से शिविर आयोजित करने को भी कहा। शहर के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए शनिवार को मनपा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस अवसर पर महापौर नीता ठाकरे, उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे, सत्तापक्ष नेता नरेंद्र बोरकर और मनपा आयुक्त विपिन इटनकर उपस्थित थे। बैठक में बावनकुले ने निर्देश दिए कि निजी लेआउट में गुंठेवारी कानून के अंतर्गत आने वाले भूखंड धारकों को प्रॉपर्टी कार्ड देने की योजना तैयार की जाए और अनधिकृत लेआउट के नियमितीकरण का कार्य युद्धस्तर पर किया जाए।
बावनकुले ने जानकारी दी कि नागपुर की भविष्य की जलापूर्ति की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण कोलार कन्हान चैराज परियोजना को राज्य सरकार ने 1,400 करोड़ रुपए की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस परियोजना से शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को भी पर्याप्त पानी मिल सकेगा, संभावित जलसंकट को देखते हुए उन्होंने सार्वजनिक कुओं का उपयोग पीने के पानी के लिए करने की योजना बनाने के निर्देश भी दिए।