

Highlights:
मल्लिकार्जुन खरगे आज चेन्नई में DMK प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे।
मुंबई में NCP-SP प्रमुख शरद पवार से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।
CPP अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी साथ जाने की संभावना जताई गई है।
INDIA Alliance on Delimitation Bill: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज चेन्नई में DMK प्रमुख एम.के. स्टालिन और मुंबई में NCP-SCP प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे। CPP अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी उनके साथ जाने की संभावना है।
डीएमके और शरद पवार की एनसीपी-एसपी के परिसीमन को समर्थन देने के ऐलान के बाद कांग्रेस और इंडिया गठबंधन में हलचल मच गई है। इंडिया गठबंधन की बैठक में शनिवार को मायूसी छाई रही। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बुलाई गई बैठक में एकजुटता दिखाने की कोशिश थी लेकिन खाली कुर्सियों ने ही पूरी कहानी कह दी।
डीएमके और एनसीपी (एसपी) के दूर रहने से कांग्रेस अकेली पड़ गई। 'आप' और बीजू जनता दल भी नहीं आए। बैठक में आए दलों के चेहरों पर भी वही मायूसी दिखी, जो गठबंधन के टूटते समीकरण की गवाही दे रही थी। अब साफ नजर आ रहा है कि 30 नवंबर को होने वाले संसद सत्र से पहले कांग्रेस परिसीमन विधेयक के खिलाफ एकजुट करने होने के लिए मनाने की कवायद कर रही है।
खरगे ने बैठक से पहले डीएमके, एनसीपी (एसपी), 'आप' और बीजद को भी न्योता भेजा था। कोशिश थी कि परिसीमन पर पूरा विपक्ष एक मंच पर दिखे लेकिन कोशिश काम नहीं आई। डीएमके ने पहले ही बिल के समर्थन का एलान कर दिया था।
इस वजह से उसका कोई प्रतिनिधि बैठक में नहीं पहुंचा। एनसीपी (एसपी) ने पवार की तबीयत का हवाला दिया लेकिन पार्टी के नेता पहले ही समर्थन का फैसला ले चुके थे। आप और बीजद को भी आमंत्रित किया गया था। उनका भी कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा।
बता दें, कि एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार (85) तीन दिन पहले डिहाइड्रेशन के कारण ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हुए थे और अभी भी वहीं हैं।