

पॉड टैक्सी परियोजना का 44% पाइल निर्माण पूरा।
अब तक 263 पाइल, 36 पाइल कैप और 25 पियर तैयार।
हर 200 मीटर पर होगा स्टेशन, एक पॉड में 6 यात्री।
2031 तक रोजाना 1.09 लाख यात्रियों को मिलेगी सुविधा।
Mumbai MMRDA Pod Taxi Construction Update: मुंबई के कुर्ला-बीकेसी-बांद्रा क्षेत्र में यातायात की समस्या कम करने के लिए शुरू की गई पॉड टैक्सी परियोजना का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के अनुसार, परियोजना के तहत अब तक पुल की नींव के लिए 263 पाइल का निर्माण पूरा किया जा चुका है। कुल पाइल निर्माण का 44 फीसदी काम पूरा हो गया है। इसके अलावा 36 पाइल कैप और 25 पियर भी तैयार किए जा चुके हैं।
एमएमआरडीए ने अप्रैल में भूमिपूजन के बाद इस परियोजना का काम शुरू किया था। करीब आठ महीने में निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। फिलहाल पुल के आधार स्तंभों के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है। प्राधिकरण की कोशिश है कि निर्माण के दौरान आसपास के यातायात को कम से कम प्रभावित किया जाए। इस परियोजना को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के आधार पर विकसित किया जा रहा है।
परियोजना के पहले चरण में बांद्रा रेलवे स्टेशन से बीकेसी स्थित आबकारी विभाग के कार्यालय तक पॉड टैक्सी मार्ग बनाया जा रहा है। दूसरे चरण में इसका विस्तार कुर्ला रेलवे स्टेशन से भारत डायमंड बोर्स तक किया जाएगा। दूसरे चरण के लिए वर्ष 2031 तक इंतजार करना होगा।
पॉड टैक्सी सेवा आधुनिक तकनीक पर आधारित होगी। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से संचालित चालक रहित पॉड चलाई जाएंगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए लगभग हर 200 मीटर पर स्टेशन बनाने की योजना है। प्रत्येक पॉड में एक साथ छह यात्री सफर कर सकेंगे। वातानुकूलित पॉड की लंबाई 3.9 मीटर, चौड़ाई 2.07 मीटर और ऊंचाई 1.8 मीटर होगी।
एमएमआरडीए मुंबई का अनुमान है कि वर्ष 2031 तक इस परियोजना से प्रतिदिन करीब 1.09 लाख यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे बांद्रा, बीकेसी और कुर्ला के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। खासकर बीकेसी में काम करने वाले कर्मचारियों को रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। पॉड टैक्सी शुरू होने से सड़क परिवहन पर दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।