नागपुर नाईक तालाब  सोर्स: सोशल मीडिया
नागपुर

नागपुर के ऐतिहासिक नाईक तालाब की बदली तस्वीर, 38 सीवरेज लाइनें बंद; सफाई अभियान अंतिम चरण में

Nagpur Naik Talab Rejuvenation: नागपुर के ऐतिहासिक नाईक तालाब में 38 अनधिकृत सीवरेज लाइनें बंद की गईं। जलकुंभी और कचरा हटाने के बाद अब बचे पानकांदा की सफाई के लिए निविदा जारी हुई।

मनीषा बोंदरे

Highlights

  • नाईक तालाब में सीधे गिरने वाली 38 अनधिकृत सीवरेज लाइनें बंद की गईं।

  • करीब एक महीने के अभियान में जलकुंभी, गाद और कचरा हटाया गया।

  • बचे हुए पानकांदा को हटाने के लिए 83,070 रुपये की निविदा जारी।

Historic Naik Lake cleaning Nagpur: नागपुर शहर के ऐतिहासिक नाईक तालाब का कायाकल्प अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच रहा है। मनपा ने तालाब में सीधे गिरने वाली 38 अनधिकृत सीवरेज लाइनें बंद की हैं। करीब एक महीने तक चले सफाई अभियान में जलकुंभी, गाद और कचरा हटाया गया। अब बचे हुए पानकांदा को साफ करने के लिए 83,070 रुपये की निविदा जारी की गई है।

नाईक तालाब का कायाकल्प

मध्य नागपुर स्थित ऐतिहासिक नाईक तालाब को उसका खोया हुआ स्वरूप लौटाने के लिए चलाया जा रहा सफाई अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। वर्षों से उपेक्षा और गंदगी का सामना कर रहे इस जलाशय में अब साफ पानी की सतह दिखाई देने लगी है। नागपुर महानगरपालिका के सतरंजीपुरा जोन ने तालाब में बचे हुए पानकांदा को हटाने के लिए 83,070 रुपये की निविदा जारी की है। तालाब के पुनरुद्धार के लिए करीब 5.82 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई थी, लेकिन लंबे समय तक काम अटका रहा। अब सफाई अभियान का असर जमीन पर नजर आने लगा है।

गंगा सफाई का अनुभव रखने वाले श्रमिकों ने संभाला मोर्चा

कुछ सप्ताह पहले तक तालाब की सतह जलकुंभी, तैरते कचरे और गंदे पानी से ढकी हुई थी। इससे दुर्गंध, मच्छरों और प्रदूषण की समस्या बढ़ गई थी। तेजी से फैलने वाले पानकांदा ने पानी की सतह को घेर लिया था, जिससे पानी में ऑक्सीजन की कमी और जलीय जीवों के लिए खतरा पैदा हो रहा था।

इस स्थिति से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश से करीब 40 से 50 विशेष श्रमिकों को बुलाया गया। इनमें कई श्रमिकों को गंगा नदी के विभिन्न हिस्सों की सफाई का अनुभव था। टीम ने 3 से 4 नावों और भारी जालों की मदद से करीब एक महीने तक काम किया। इस दौरान जलकुंभी, गाद और तैरता कचरा निकालकर बाहर किया गया। अभियान में कई ट्रक कचरा और पानकांदा हटाया गया।

38 अनधिकृत सीवरेज लाइनें बंद

तालाब के पुनरुद्धार अभियान की बड़ी उपलब्धि यह रही कि मनपा प्रशासन ने इसमें सीधे गिरने वाली 38 अनधिकृत सीवरेज लाइनों को बंद कर दिया। इससे गंदे पानी के प्रवेश पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

अब नई निविदा के माध्यम से तालाब के किनारों पर बचे पानकांदा और मलबे को हटाया जाएगा। इसके बाद तालाब के नियमित रखरखाव पर ध्यान देना जरूरी होगा।

स्थायी व्यवस्था की मांग

स्थानीय निवासियों ने मनपा से अपील की है कि तालाब को दोबारा बदहाली से बचाने के लिए स्थायी इंतजाम किए जाएं। उनका कहना है कि सीवरेज का पानी तालाब में पहुंचने से पूरी तरह रोका जाए। साथ ही समय-समय पर गाद निकालने और पानकांदा हटाने का काम जारी रहना चाहिए।

पार्षद तुषार लासेकर ने कहा कि तालाब के पुनरुद्धार की योजना लंबे समय से चल रही थी, लेकिन अब इसका असर दिखाई दे रहा है। काम संतोषजनक है, हालांकि इसकी गति और बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि कुछ अतिक्रमण भी हैं, जिन्हें एक हिस्से में व्यवस्थित करने की योजना है, ताकि तालाब का सौंदर्य बना रहे।

मनोनीत पार्षद नदीम इकबाल ने कहा कि तालाब की गंदगी और दुर्गंध से स्थानीय नागरिक लंबे समय से परेशान थे। उन्होंने मांग की कि नागपुर मनपा को नाईक तालाब के साथ शहर के अन्य तालाबों के सौंदर्यीकरण और संरक्षण पर भी ध्यान देना चाहिए। इससे जलस्तर बढ़ाने और इन जलाशयों को आकर्षण का केंद्र बनाने में मदद मिलेगी।

दिल्ली के रामलीला मैदान में रैलियों और प्रदर्शनों के लिए नया SOP तैयार, तय हुआ समय और भीड़ का दायरा

गोधरा कांड: CBI के पूर्व विशेष निदेशक राकेश अस्थाना का दावा- लालू यादव मुझे चाहते थे, फंसाना

दिल्ली AIIMS ने रचा इतिहास, मां के गर्भ में किया शिशु की रीढ़ के हड्डी का सफल ऑपरेशन

तेलंगाना में गिग वर्कर्स को 5 लाख का दुर्घटना बीमा, 10 लाख का हेल्थ कवर; राहुल गांधी ने लॉन्च की योजना

जवाहरलाल नेहरू जेल में किस जानवर से डरते थे? भय से बिस्तर छोड़कर भाग जाते थे