

बेटे की चाह में 20 दिन का नवजात 6.50 लाख रुपये में खरीदा।
रत्नागिरी निवासी शुभम किर गिरफ्तार, रैकेट में 11 आरोपी पकड़े गए।
मुख्य सूत्रधार प्रवीण सालुंखे अब भी फरार, पुलिस तलाश में जुटी।
Mumbra Child Trafficking Racket Busted: महाराष्ट्र में नवजात बच्चों की कथित खरीद-बिक्री के मामले में मुंब्रा पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। रत्नागिरी निवासी शुभम किर (30) पर बेटे की चाह में 20 दिन के नवजात बच्चे को 6.50 लाख रुपये देकर खरीदने का आरोप है।
इस गिरफ्तारी के साथ ही अंतरजिला बच्चा बिक्री रैकेट में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। मामले का मुख्य सूत्रधार प्रवीण सालुंखे अब भी फरार है।
पुलिस जांच के अनुसार, कलवा के शांतिनगर इलाके में रहने वाली 19 वर्षीय अनीसा शेख ठाणे जिले में मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास भीख मांगकर अपना गुजारा करती है। आरोप है कि रैकेट से जुड़े रेहान शेख की नजर उसके 20 दिन के नवजात बच्चे पर पड़ी।
उसने कथित तौर पर महिला पर बच्चा बेचने का दबाव बनाया। शुरुआती जांच में बच्चे का सौदा 2.50 लाख रुपये में तय होने की बात सामने आई थी, लेकिन आगे की जांच में इसकी वास्तविक कीमत 6.50 लाख रुपये होने का खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, रत्नागिरी निवासी शुभम किर के परिवार में केवल बेटियां हैं। बेटे की चाह में उसने मध्यस्थ प्रतिभा परब के माध्यम से नकद भुगतान कर नवजात को खरीदा था। पुलिस ने रत्नागिरी पहुंचकर बच्चे को सुरक्षित बरामद किया था। अब खरीदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि रिश्तेदारों के ताने सुनने के बाद उसने कानूनी तरीके से बेटा गोद लेने की कोशिश की थी। हालांकि, जटिल प्रक्रिया के कारण वह ऐसा नहीं कर सका। इसके बाद उसने कथित तौर पर बिचौलियों के जरिए नवजात को खरीद लिया।
इस मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मुख्य सूत्रधार प्रवीण सालुंखे की तलाश जारी है।
मुंब्रा पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश जवादवाड के मार्गदर्शन में जांच अधिकारी पुलिस निरीक्षक वृषाली पवार मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस अब रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।