

मुंबई में 29 अक्टूबर को मड आइलैंड की पार्टी में हुई घटना।
छात्रा की ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसका यौन उत्पीड़न
आरोपी 22 वर्षीय कॉलेज छात्र को छत्तीसगढ़ से पकड़ा गया।
एक अन्य संदिग्ध की भूमिका की भी पुलिस कर रही जांच।
Madh Island Party Student Spiked Drink Sexual Assault: मुंबई के मालाड स्थित मड आइलैंड में 29 अक्टूबर को आयोजित एक पार्टी के दौरान छात्रा की ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसका यौन उत्पीड़न किए जाने का आरोप है। मामले में जुहू पुलिस ने विले पार्ले के एक नामी कॉलेज के 22 वर्षीय छात्र को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस एक अन्य संदिग्ध और पार्टी में मौजूद छात्रों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मुंबई शहर के मालाड पश्चिम स्थित मड आइलैंड में आयोजित एक पार्टी के दौरान कॉलेज की छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि पार्टी में छात्रा की ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया गया और उसके बेहोश होने के बाद उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया। इस मामले में पुलिस ने विले पार्ले स्थित एक नामी कॉलेज के 22 वर्षीय छात्र को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद मुंबई छोड़कर अपने पैतृक गांव चला गया था।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को मड आइलैंड में कॉलेज के कुछ छात्रों ने पार्टी आयोजित की थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा के पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिला दिया। उसे पीने के बाद छात्रा बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया।
घटना के बाद छात्रा ने नवंबर के पहले सप्ताह में अपने माता-पिता को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर जुहू पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
घटनास्थल मालवणी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसलिए मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 74, 123 और 3(5) के तहत पहले मालवणी में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। बाद में पीड़िता के माता-पिता के अनुरोध पर आगे की जांच जुहू पुलिस को सौंप दी गई।
जांच के दौरान जुहू पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी मुंबई छोड़कर छत्तीसगढ़ स्थित अपने पैतृक गांव चला गया है। इसके बाद पुलिस की एक टीम छत्तीसगढ़ भेजी गई। टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस उसे मुंबई लेकर आई।
आरोपी को मुंबई की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे शुक्रवार तक पुलिस हिरासत में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
इस मामले की एफआईआर में एक अन्य संदिग्ध का नाम भी शामिल है। हालांकि, कथित घटना में उसकी भूमिका क्या थी और वह इसमें शामिल था या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही पार्टी में मौजूद कॉलेज के अन्य छात्रों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।