गोधनी रोड पर ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 30 वर्षीय अश्विनी उर्फ ज्योति फलके की मौत।
पति पंकज और 6 वर्षीय बेटा अद्विक घायल; बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद आक्रोशित नागरिकों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर रास्ता रोका; करीब चार घंटे यातायात प्रभावित रहा।
हिंगना रोड पर अलग हादसे में वाईसीसीई की 35 वर्षीय प्रोफेसर प्रियंका मोरे की मौत।
Hingna Road Accident Nagpur: नागपुर जिले के गोधनी रोड पर एक बार फिर मौत का तांडव देखने को मिला। दिवाली की खरीदारी के लिए पति और बेटे के साथ मोटरसाइकिल पर बाजार जा रही एक महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
ट्रक के नीचे कुचले जाने से महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पति और 6 वर्षीय बेटा घायल हो गए। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर रास्ता रोक दिया। नागरिकों ने परिसर में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, सड़क के गड्ढे और अतिक्रमण को लेकर प्रशासन को आड़ेहाथों लिया। आला पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
प्रशासन के तत्काल एक्शन मोड पर आने के बाद नागरिक रास्ते से हटे। करीब 4 घंटे तक यातायात ठप रहा। मृतका बैलवाड़ी निवासी अश्विनी उर्फ ज्योति पंकज फलके (30) बताई गई। जख्मी बेटे अद्विक को पास के नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं पति पंकज को मामूली चोटें आई पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक जमील खान जमाल खान को हिरासत में लिया है।
मासूम के सिर से उठा मां का साया जानकारी के अनुसार शाम 4.30 बजे के दौरान ज्योति, पंकज और अद्विक बाइक - पर दिवाली की खरीदारी करने के लिए बाजार जा रहे थे। झिंगाबाई टाकली रोड पर गारवा बिरयानी के सामने तेज रफ्तार- ट्रक के चालक ने उनकी गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मारी संतुलन बिगड़ गया और तीनों वाहन सहित रास्ते पर गिरे पंकज और अद्विक तो साइड में गिरे लेकिन ज्योति ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक के पिछले चक्के के नीचे कुचले जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक चालक वहां से भाग निकला अद्विक के सिर पर चोट लगी स्थानीय नागरिकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी अद्विक को उपचार के लिए भेजा गया। दिवाली की खुशियां मनाने बाजार निकले परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं वहां मातम फैल गया। 6 वर्षीय अद्विक के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय नागरिक और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ की और रास्ता रोककर आंदोलन शुरू कर दिया। गोधनी मार्ग पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ समय पहले ही एक बी.टेक छात्रा ने इस मार्ग पर अपनी जान गंवाई थी।
दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर बंदी होने के बावजूद ट्रक ने छात्रा को कुचला था। अब यहां दूसरी मौत होने से नागरिक आक्रोशित थे। इसके अलावा सड़क की बदहाली और दुकानदारों के अतिक्रमण को लेकर भी नागरिकों में रोष देखने को मिला।
डीआईजी नार्थ विनीता साहू, डीसीपी अन्नपूर्णा सिंह और आदित्य मिरखेलकर सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। नागरिक रास्ते से हटने को तैयार नहीं थे जिससे करीब 3 किमी तक जाम लग गया। नागरिकों ने कोई भी आश्वासन मानने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि समस्या पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
नागरिकों को समझाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी, आखिर मनपा की मुख्य अभियंता लीना उपाध्याय को मौके पर बुलाया गया। नागरिकों ने दुकानदारों के अतिक्रमण पर बवाल खड़ा कर दिया। ऐसे में उपाध्याय ने तत्काल अतिक्रमण उन्मूलन दस्ते को बुलाकर कार्रवाई शुरू कर दी।
वहीं डीसीपी मिरखेलकर ने भी भारी वाहनों की नो-एंट्री पर कड़े इंतजाम करने का आश्वासन दिया जिसके बाद नागरिक रास्ते से हटे। नागरिकों का सबसे ज्यादा रोष गारवा बिरयानी की अव्यवस्था पर था। कुछ लोगों ने वहां तोड़फोड़ करने का भी प्रयास किया।
नागपुर मनपा की टीम ने सबसे पहले घटनास्थल के आसपास का अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद अन्य दुकानदारों पर भी कार्रवाई होने लगी। अचानक प्रशासन के एक्शन मोड में आने से दुकानदारों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। जो अतिक्रमण सामने आया उसे हटाया गया। इससे दुकानदारों में नाराजगी फैल गई और विरोध होने लगा, देर रात तक यहां गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही।
एक और जानलेवा हादसा मंगलवार की सुबह हिंगना रोड पर हुआ। काम पर जा रही महिला प्रोफेसर को ट्रक चालक टक्कर मारकर भाग निकला उपचार मिलने से पहले ही उनकी मौत हो गई। मृतका आरती एम्पायर, वर्धा रोड निवासी प्रियंका प्रवीण मोरे (35) बताई गई।
प्रियंका वानाडोंगरी परिसर में स्थित YCCE में प्रोफेसर थीं। सुबह 10 बजे के दौरान अपने दोपहिया वाहन क्र। एमएच 49-सीएन.6893 पर कॉलेज जा रही थीं। जोन चौक से कॉलेज की ओर बढ़ते समय एक ट्रक चालक ने उन्हें पीछे से टक्कर मारी और फरार हो गया। प्रियंका बुरी तरह जख्मी हो गई, स्थानीय नागरिकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
उन्हें उपचार के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने जांच करते ही मृत घोषित कर दिया। MIDC पुलिस ने प्रियंका के सहकर्मी जीवन डेहनकर की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस घटना से प्रियंका परिवार भी गहरे सदमे में है।