Nagpur Municipal Corporation: नागपुर महानगर पालिका के हनुमान नगर और धंतोली जोन में नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने दोनों जोनों का विभागवार जायजा लिया और सफाई व्यवस्था व अतिक्रमण को लेकर कड़े निर्देश जारी किए, हनुमान नगर जोन कार्यालय में प्रभागों के लिए हुई बैठक में उपमहापौर लीला हाथीबेड, आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर और जोन सभापति ज्योति देवघरे सहित कई नगरसेवकों और मनपा अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान नियमित स्वच्छता, अतिक्रमण निर्मूलन, मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग, सीवर लाइन चोक होने, कुओं की सफाई और घर-घर से कचरा उठाने जैसी बुनियादी समस्याओं पर चर्चा हुई।
नगरसेवकों और पदाधिकारियों ने जोन में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सक्शन मशीन, 2 जेसीबी, कुएं साफ करने वाली मशीन, फॉगिंग मशीन, छोटी गलियों की सफाई के लिए अत्याधुनिक छोटे रोबोट और अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता पर जोर दिया।
धंतोली जोन में गटर चोक और नियमित सफाई का मुद्दा धंतोली जोन कार्यालय में हुई बैठक में नियमित सफाई के अभाव, गटर लाइन चोक होने और कर्मचारियों की कमी की समस्या को प्रमुखता से आयुक्त के सामने रखा गया। इस बैठक में उपस्थित सभी नगरसेवकों ने यह मांग उठाई कि प्रतिदिन घर-घर कचरा संकलन वाहन आने चाहिए।
आवश्यक स्थानों पर मशीनरी बढ़ाई जानी चाहिए और अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाना चाहिए। आयुक्त के सख्त निर्देश, होगी एफआईआर : नगरसेवकों द्वारा उठाए गए मुद्दों का जवाब देते हुए मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने कड़ा रुख अपनाया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मचारियों पर सीधी कार्रवाई की जाएगी और सभी सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच भी कराई जाएगी। इसके साथ ही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मनपा के वाहन चालकों की आंखों की जांच भी की जाएगी।
शहर की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए आयुक्त ने सबसे अहम फैसला लेते हुए कहा कि नालों में कचरा फेंकने वालों और बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ पुलिस में सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके अलावा शहर में निगरानी बढ़ाने के लिए मनपा के उपद्रव शोध पथक में कर्मचारियों (मनुष्यबल) की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
बैठक में पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई, आयुक्त ने निर्देश दिए कि अमृत 2 योजना के तहत जलवाहिनी बिछाने के लिए की गई खुदाई वाले स्थानों को तुरंत पहले की तरह दुरुस्त किया जाए, साथ ही जिन इलाकों में अशुद्ध पानी आने की शिकायतें है, यहां त्वरित उपाययोजना करने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें:-गोंदिया में फिर लौट रहा मौत का मानसून! फाइलों में बंद हुई जर्जर पुलों की सुध, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
आयुक्त ने सभी नगरसेवकों और अधिकारियों से अपील की कि वे एकजुट होकर नागरिकों के बीच जन जागरूकता अभियान चलाएं, ताकि लोग घरेलू कचरा और अन्य वस्तुएं नदी या नालों में न फेंके।