IndiGo Flight Fare Increase: हवाई जहाज में न तो अलग सीट मिलेगी और न ही कोई एक्स्ट्रा सुविधा, फिर भी गोद में बैठने वाले मासूम बच्चे का किराया लगेगा पूरे 3,000 रुपये। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने घरेलू उड़ानों के लिए इन्फेंट 2 साल तक के बच्चे चार्ज बढ़ाकर अभिभावकों को तगड़ा झटका दिया है।
इंडिगो की आधिकारिक फीस लिस्ट में फिलहाल घरेलू इन्फेंट फी 3,000 रुपये दर्ज है। इंडिगो के नियमों के मुताबिक इन्फेंट के लिए अलग सीट बुक नहीं की जा सकती और वह वयस्क यात्री की गोद में ही यात्रा करता है। एक वयस्क के साथ एक इन्फेंट्स की अनुमति है।
इंडिगो ने घरेलू उड़ानों में 2 साल से कम उम्र के बच्चों यानी इन्फैंट्स का शुल्क 1,000 बढ़ा दिया है। पहले 2,000 रुपये देने पड़ते थे। अब 3,000 रुपये देने होंगे यानी हर यात्रा पर माता-पिता की जेब से सीधे 1,000 रुपये ज्यादा जाएंगे। खास बात यह है कि बच्चे को विमान में अलग सीट नहीं मिलती, वह माता-पिता की गोद में ही सफर करता है।
फ्लाइट में 2 साल से कम उम्र के बच्चे को सामान्य तौर पर अलग सीट नहीं दी जाती। इसके बावजूद टिकट बुक करते समय इन्फेंट की जानकारी देना जरूरी है और उसके लिए निर्धारित शुल्क देना पड़ता है। यात्रा के दौरान बच्चे की उम्र का प्रमाण भी साथ रखना होता है।
इंडिगो के मुताबिक 3 दिन से ज्यादा और 2 साल तक की उम्र के बच्चों को इन्फेट माना जाता है। इस किराया बढ़ोतरी के बाद दावा किया जा रहा है कि इससे इंडिगो को सालाना करीब 90 करोड़ तक की अतिरिक्त कमाई हो सकती है।
इंडिगों ने अकेले यात्रा करने वाले नाबालिग बच्चों के लिए फ्लाइंग सोलो अन अकम्पनीड माइनर सर्विस की घरेलू फीस 5,999 रुपये रखी है। जानकारी के मुताबिक 5 से 12 साल के बच्चे इस सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं, जबकि 5 साल से कम उम्र के बच्चे अकेले यात्रा नहीं कर सकते यानी छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों के लिए सिर्फ टिकट की कीमत ही मायने नहीं रखती बल्कि इन्फेंट फी और दूसरी एनसिलरी सर्विसेस भी कुल यात्रा खर्च को बढ़ा सकती हैं।
एयरलाइन की वेबसाइट पर इनफेट फी के अलावा बैगेज और दूसरी एड-ऑन-सर्विसेस के लिए भी अलग-अलग शुल्क निर्धारित हैं। उदाहरण के लिए अतिरिक्त बैगेज और अन्य सेवाओं की फीस यात्रा और सेवा के प्रकार के हिसाब से अलग होती है। यही वजह है कि यात्रियों के लिए सिर्फ बेस हवाई जहाज टिकट कीमत देखना पर्याप्त नहीं है। टिकट के साथ जुड़ी अतिरिक्त सेवाओं की लागत भी कुल किराये को प्रभावित कर सकती है।
इस समय आए दिन विमानों का लेट-लतीफी के साथ ही रद्द होने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को भी नागपुर से कोलकाता के लिए रात्रि में 11.40 बजे उड़ान भरने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट क्रमांक आईएक्स 5003 को तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया। इसी के साथ 17 व 18 सितंबर को बेंगलुरु व हैदराबाद के लिए 3 अतिरिक्त उड़ानों का शेड्यूल घोषित किया था लेकिन उसे भी रद्द कर दिया गया।