नागपुर में गर्भपात की दवाओं का अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
नागपुर

नागपुर में गर्भपात की दवाओं का अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़, डॉक्टर समेत 4 पर केस, 2 गिरफ्तार

Nagpur Illegal Abortion Drugs News: नागपुर में औषधि प्रशासन की छापेमारी में अवैध गर्भपात दवाओं का जखीरा बरामद हुआ। पुलिस ने एक डॉक्टर समेत चार पर मामला दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।

आकाश मसने

Nagpur Abortion Drugs Unearthed News: महाराष्ट्र का नागपुर शहर में गर्भपात के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाओं की कथित अवैध खरीद-बिक्री का मामला सामने आया है। औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई के बाद यशोधरानगर पुलिस ने डॉक्टर समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में न्यू शुक्रवारी निवासी राजेश रामराव चरडे और बारीपुरा, रामनगर निवासी सुधाकर उचके शामिल हैं। वहीं, जीजामातानगर निवासी डॉ. सचिन मरघडे और मयूर जायसवाल को भी आरोपी बनाया गया है। जायसवाल फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

क्लिनिक में मिलीं गर्भपात की दवाएं

जानकारी के अनुसार, विनोबा भावेनगर स्थित श्री साईं दवाखाने के संचालक डॉ. सचिन मरघडे के पास गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली दवाएं होने की सूचना अन्न एवं औषधि प्रशासन विभाग को मिली थी। इसके बाद विभागीय टीम ने क्लिनिक की जांच की। डॉक्टर के केबिन के ड्रॉअर की तलाशी के दौरान मिफेप्रिस्टोन और मिसोप्रोस्टोल की स्ट्रिप्स बरामद हुईं।

दवाओं के स्रोत को लेकर पूछताछ में डॉ. मरघडे ने कथित तौर पर राजेश चरडे से बिना बिल के गर्भपात की दवाओं सहित अन्य दवाओं का स्टॉक खरीदने की जानकारी दी। इसके बाद टीम ने क्लिनिक से करीब 1.15 लाख रुपये का दवा स्टॉक जब्त किया।

चरडे के पास मिली 20,149 रुपये की दवाएं

कार्रवाई के दौरान जैसे ही राजेश चरडे भी क्लिनिक पहुंचा। टीम ने उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें करीब 20,149 रुपये की दवाएं बरामद हुईं। पूछताछ में चरडे ने बताया कि उसने अल्प्राजोलम और सिल्डेनाफिल समेत अन्य दवाओं का स्टॉक सुधाकर उचके से खरीदा था।

इसके बाद पुलिस ने उचके को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उचके ने कथित तौर पर बताया कि उसने दवाओं का स्टॉक मयूर जायसवाल से खरीदा था। इसके आधार पर पुलिस ने जायसवाल को भी आरोपी बनाया है। हालांकि, वह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

अवैध सप्लाई नेटवर्क की जांच

ड्रग इंस्पेक्टर स्वाती भरडे की शिकायत पर यशोधरानगर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। राजेश चरडे और सुधाकर उचके को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को पांच दिन की पुलिस हिरासत मिली।

नागपुर पुलिस अब दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन दवाओं की सप्लाई कहां से होती थी और इस कथित अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

आज की ताजा खबर 14 अगस्त LIVE: जेपी नड्डा अस्पताल में भर्ती; चमोली लैंडस्लाइड हादसे में मृतकों की संख्या हुई 7

लाल किले से PM मोदी का मेगा शो: 80वें स्वतंत्रता दिवस का पूरा मिनट-टू-मिनट शेड्यूल जारी, जानें कब क्या होगा

Census 2027: सरकार ने जारी किया 40 सवालों का हाउसहोल्ड शेड्यूल, जानिए 17 अगस्त से कैसे करें सेल्फ-इन्यूमरेशन

15 अगस्त से ठीक पहले दहली दिल्ली! हाई कोर्ट समेत 6 जगहों को बम से उड़ाने की खौफनाक धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी

वे कौन होते हैं सर्कुलर जारी करने वाले? BCI पर भड़के CJI सूर्यकांत, छात्रों के हक में कही बड़ी बात