Nagpur MHADA Construction Site Accident: नागपुर के गणेशपेठ इलाके में MHADA की एक निर्माणाधीन इमारत की साइट पर क्रेन गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान भंडारा जिले के रहने वाले विश्वनाथ काठाने और उत्तर प्रदेश के रहने वाले मुकेश निषाद के रूप में हुई है। घायल हुए दो अन्य मजदूर झारखंड के रहने वाले हैं और उनका इलाज ओरियन अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार गणेश पेठ इकाके में MHADA द्वारा बनाई जा रही इमारत के निर्माण स्थल पर एक क्रेन ऑपरेटर और तीन मजदूर काम कर रहे थे। सुबह 10:30 बजे क्रेन को डिसमेंटल किया जा रहा था। इसी दौरान, क्रेन अचानक गिर गई और ऑपरेटर और उसके साथियों में से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे की जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस राहुल मदने ने बताया कि यह हादसा सुबह 10:30 बजे हुआ। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है और दो अन्य घायल है।
नागपुर पुलिस इस बात की जांच करेगी कि यह घटना किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुई या मानवीय भूल के कारण। डीसीपी राहुल मदने कहा कि हम यह भी देख रहे हैं कि क्या सुरक्षा के जरूरी नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस राहुल मदने ने बताया कि फिलहाल, पुलिस ने हादसे को लेकर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि हमारे सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर (PI) मामले की जांच कर रहे हैं।
बता दें कि नागपुर शहर के गणेशपेठ इलाके में यह निर्माण कार्य महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (MHADA) की देखरेख में विजय कंपनी से जुड़े एक ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है।
डीसीपी राहुल मदने ने कहा कि सरकारी सुपरवाइजिंग इंजीनियरों, MHADA के इंजीनियरों और निर्माण कंपनी के इंजीनियरों से जानकारी जुटाएंगे ताकि यह पता चल सके कि क्या जरूरी सावधानियां बरती गई थीं। घटनास्थल पर कोई CCTV फुटेज मौजूद नहीं है, और हम इस पहलू की भी जांच कर रहे हैं।