Nagpur Ramdaspeth Fire Incident: सोमवार की सुबह नागपुर के पॉश इलाके रामदासपेठ में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नंदाजी बुआ मार्ग स्थित टिया ना बिल्डिंग' में चल रहे एक फिटनेस जिम में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जिम के 2 एसी जलकर खाक हो गए, मिली जानकारी के अनुसार, इमारत की पहली मंजिल पर रिषभ शर्मा और निखिल बनसोड का फिटनेस जिम स्थित है। सुबह करीब 11 बजे स्थानीय नागरिकों ने जिम के बाहरी हिस्से में लगे एसी से धुआं निकलते देखा।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धुआं पूरी इमारत में फैल गया। सूचना मिलते ही कॉटन मार्केट और नरेंद्रनगर अग्निशमन केंद्रों से दमकल की 2 गाड़यां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं, दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महज 10 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया जिससे यह आग इमारत के अन्य हिस्सों में नहीं फैल सकी।
आग के दौरान इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 304 में एक वृद्ध महिला फंस गई थी। बचाव दल के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आग जिम की गैलरी में लगे एसी के आउटडोर यूनिट और उसकी केबलिंग में लगी थी। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी। फिलहाल अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।