Maharashtra Voter List Revision: मुंबई में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अन्य सुधारों के लिए बीएमसी के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आगामी 26 और 27 सितंबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंप में नागरिक मतदाता सूची से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे, जिला निर्वाचन अधिकारी तथा बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन विशेष कैंपों में पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
एसआईआर 2026 कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची जारी की गई है। इस सूची में नाम, पते या अन्य प्रविष्टियों से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर फॉर्म क्रमांक-6, 7 और 8 भरकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करें।
एस। एसआईआर 2026 अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए 22 सितंबर को बीएमसी मुख्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी चोक्कलिंगम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों द्वारा जमा किए जाने वाले फॉर्म की प्रक्रिया समय पर और सही तरीके से पूरी की जाए, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाया जा सके।
बैठक के दौरान मुंबई शहर और मुंबई उपनगर जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नागरिकों को फॉर्म भरने, दावे-आपत्तियां दर्ज कराने और मतदाता सूची से जुड़ी अन्य सुविधाओं के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर मतदाता सूची से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नए मतदाताओं के पंजीकरण, स्थानांतरण अन्य संशोधनों की प्रक्रिया को आसान बनाया जा सकेगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा है कि बीजेपी, चुनाव आयोग के माध्यम से मतदाताओं के नाम हटाकर उन्हें मतदान के संवैधानिक अधिकार से वंचित कर रही है। देशभर में चल रही यह साजिश अब महाराष्ट्र राज्य में भी आ गई है और एसआईआर के नाम पर राज्य के 3 करोड़ 28 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए है।
यह पूरा मामला बेहद सुनियोजित तरीके से चलाया जा रहा है। निर्वाचन आयोग हटाए गए मतदाताओं की सूची जारी नहीं कर रहा है और न ही कोई स्पष्ट आंकड़े दे रहा है। निर्वाचन आयोग के कामकाज में पारदर्शिता नहीं है। पूरा कामकाज ही रहस्यमय और संदिग्ध है।
यह एक बड़ी साजिश है और मतदान का अधिकार छीनकर लोकतंत्र का गला घोंटने का बड़ा प्रयास है, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस। चोकलिंगम से मुलाकात की और अपनी शिकायतों से उन्हें अवगत कराया। इस प्रतिनिधिमंडल में विजय वडेट्टीवार सहित आदि मौजूद थे।