ठाणे- बोरीवली ट्वीन टनल प्रोजेक्ट (सोर्स: नवभारत फोटाे)
मुंबई

इस नेशनल पार्क के नीचे से गुजर रहीं 4 सुरंगें! दो परियोजनाओं ने पकड़ी रफ्तार, जानिए क्या है, मौजूदा स्थिति

SGNP Underground Tunnel Project: SGNP के नीचे से गुजरने वाली 4 सड़क सुरंगों का निर्माण तेजी से जारी है। जानिए गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड और ठाणे-बोरीवली ट्विन टनल परियोजना की वर्तमान प्रगति और अपडेट।

सूर्यप्रकाश मिश्र, गोरक्ष पोफली

Thane Borivali Twin Tunnel Project Current Status: भारी ट्रैफिक एवं प्रदूषण के घेरे में फंसी देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए ऑक्सीजन प्लांट बने संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान

के नीचे से गुजरने वाली चार सड़क सुरंगों का काम अब अलग-अलग चरणों में आगे बढ़ रहा है। इनमें दो सुरंगें बृहन्मुंबई मनपा (बीएमसी) की गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (GMLR) परियोजना का हिस्सा हैं, जबकि दूसरी दो ठाणे-बोरीवली ट्विन टनल परियोजना के तहत बनाई जा रही हैं।

जीएमएलआर में ‘तुलशी’ ने 64 मीटर खोदी सुरंग

जीएमएलआर के चरण-3(बी) में गोरेगांव पूर्व स्थित दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी और मुलुंड पश्चिम के अमर नगर के बीच संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे दो समानांतर भूमिगत सुरंगें बनाई जा रही हैं। प्रत्येक सुरंग करीब 5.30 किलोमीटर लंबी और तीन लेन की है। दोनों सुरंगों का निर्माण टनल बोरिंग मशीन (TBM) से किया जा रहा है।

बीएमसी के मुताबिक पहली टीबीएम ‘तुलशी’ को 17 अगस्त को चालू किया गया था। 24 सितंबर तक इस मशीन ने 64 मीटर खुदाई पूरी कर ली है। इस दौरान सुरंग में 27 रिंग सेगमेंट और दो अस्थायी रिंग सेगमेंट लगाए गए हैं।

ठाणे-बोरीवली ट्विन टनल में दोनों TBM सक्रिय

इसी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे ठाणे-बोरीवली ट्विन टनल परियोजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है। एमएमआरडीए के अनुसार परियोजना की कुल लंबाई 11.84 किलोमीटर है, जिसमें 10.25 किलोमीटर सुरंग और 1.59 किलोमीटर कनेक्टर शामिल हैं। प्रत्येक ट्यूब में दो ट्रैफिक लेन, एक आपातकालीन लेन और पैदल मार्ग का प्रावधान है।

ठाणे साइड पर ‘नायक’ टीबीएम का SAT फरवरी 2026 में पूरा हुआ और अप्रैल में इसकी लॉन्चिंग हुई। दूसरी मशीन ‘अर्जुना’ का SAT जून में पूरा होने के बाद अगस्त 2026 में लॉन्च किया गया। एमएमआरडीए के अनुसार ठाणे साइड से सुरंग की खुदाई फिलहाल जारी है और अगस्त 2026 तक परियोजना की भौतिक प्रगति 13.73 प्रतिशत थी। बोरीवली साइड पर कास्टिंग यार्ड और लॉन्चिंग शाफ्ट क्षेत्र में शुरुआती निर्माण कार्य जारी हैं। ठाणे-बोरीवली परियोजना में दोनों टीबीएम से ठाणे दिशा में खुदाई का काम आगे बढ़ रहा है। दोनों प्रोजेक्ट का उद्देश्य पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच सीधा सड़क संपर्क उपलब्ध कराना और मौजूदा मार्गों पर यातायात दबाव कम करना है।

टनल का जारी काम

दूसरी टीबीएम ‘विहार’

दूसरी टीबीएम ‘विहार’ की असेंबली 92 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। मशीन की साइट एक्सेप्टेंस टेस्ट (SAT) 13 अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है और तकनीकी परीक्षण सफल रहने पर 22 अक्टूबर से दूसरी सुरंग की खुदाई शुरू करने का कार्यक्रम है। उल्लेखनीय है कि दोनों टीबीएम संजय गांधी उद्यान के अंतर्गत ही बने 'तुलसी' एवं 'विहार' इन दो जलाशयों के नाम पर लॉन्च किया गया है।

फरवरी 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य

परियोजना की निगरानी के लिए बीएमसी एक डैशबोर्ड भी तैयार कर रही है, जिसमें खुदाई की दैनिक प्रगति, काम पूरा होने का प्रतिशत, सुरक्षा व्यवस्था, मशीनरी, मानव संसाधन और निर्धारित पूर्णता तिथि जैसी जानकारी दर्ज होगी। जीएमएलआर परियोजना को फरवरी 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

104 वर्ग किमी में फैला नेशनल पार्क

संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान मुंबई के मध्य स्थित एक प्रमुख प्राकृतिक क्षेत्र और संरक्षित वन है। करीब 104 वर्ग किलोमीटर में फैला यह उद्यान जैव विविधता और वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है। यहां तेंदुए, हिरण, बंदर, सियार और कई प्रजातियों के पक्षी पाए जाते हैं। उद्यान में स्थित प्राचीन कन्हेरी गुफाएं इसका प्रमुख ऐतिहासिक आकर्षण हैं।

घने जंगल, पहाड़ियां, झीलें और हरित क्षेत्र मुंबई जैसे घनी आबादी वाले महानगर में महत्वपूर्ण पर्यावरणीय भूमिका निभाते हैं। संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान मुंबई,ठाणे और आसपास के क्षेत्र के लिए प्राकृतिक ऑक्सीजन क्षेत्र, जैव विविधता संरक्षण स्थल और पर्यटन केंद्र के रूप में भी महत्वपूर्ण है।

Ambala Building Collapse: अंबाला में भरभराकर गिरी निर्माणाधीन इमारत, 4 मजदूरों की मौत; कई मलबे में दबे

खराब सड़क दिखाने पर गुंडागर्दी पर उतरे मंत्री, प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़; देखें VIDEO

बद्रीनाथ-ऋषिकेश हाईवे पर मुश्किल में फंसे तीर्थयात्री! भारी बारिश से गिरा चट्टान, इलाके में रेड अलर्ट जारी

SIR Controversy: चुनाव आयोग पर सवाल उठाने पर भड़कीं CM रेखा गुप्ता, बोलीं- लोकतंत्र को कमजोर कर रहा विपक्ष

Ram Mandir: चंपत राय को भेजा था ₹2.25 लाख का VIDEO, SIT चार्जशीट में क्या-क्या? राम मंदिर में NSG कमांडो तैनात