पुणे मेट्रो की अनोखी प्रतिकृति CM फडणवीस को भेंट।
2 किलो बेकार GI स्टील से तैयार किया गया स्मृति चिह्न।
30 पुराने प्लास्टिक कवर रिसाइकिल कर बनाई गई पैकेजिंग थैली।
Pune Metro Line 3 Devendra Fadnavis: निर्माण कार्य के दौरान बचने वाली सामग्री का रचनात्मक इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है, इसकी एक अनूठी मिसाल पुणे मेट्रो ने पेश की है। पुणे मेट्रो लाइन-3 के उद्घाटन समारोह के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मेट्रो ट्रेन की एक आकर्षक लघु प्रतिकृति स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई।
इसकी खासियत यह है कि इसे मेट्रो परियोजना के निर्माण कार्य से बचे सामान से तैयार किया गया है। पुणे आईटी सिटी मेट्रो रेल लिमिटेड (पीआईटीसीएमआरएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल कुमार सैनी ने मुख्यमंत्री को यह कलाकृति भेंट की।
इस अनूठे स्मृति चिह्न को बनाने में निर्माण कार्य के दौरान बचे करीब दो किलोग्राम गैल्वेनाइज्ड आयरन (जीआई) स्टील का इस्तेमाल किया गया है। कारीगरों ने वास्तविक मेट्रो ट्रेन की बनावट और उसकी बारीकियों को लघु प्रतिकृति में उतारने के लिए विशेष मेहनत की। इसके निर्माण में वेल्डिंग और धातु को अलग-अलग आकार देने की तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इस तरह बेकार समझी जाने वाली निर्माण सामग्री को एक आकर्षक कलाकृति में बदल दिया गया।
इस उपहार की खासियत सिर्फ मेट्रो की प्रतिकृति तक सीमित नहीं रही। इसकी पैकेजिंग को भी पर्यावरण संरक्षण की सोच के साथ तैयार किया गया। करीब 30 बेकार प्लास्टिक कवर को विशेष प्रक्रिया के जरिए रिसाइकिल कर दोबारा इस्तेमाल योग्य कपड़े में बदला गया। इसी कपड़े से एक थैला तैयार किया गया, जिसमें रखकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को यह स्मृति चिह्न सौंपा गया।
पुणे मेट्रो की इस पहल के जरिए निर्माण कार्य से निकलने वाले अवशेषों के पुनः उपयोग और प्लास्टिक रिसाइक्लिंग का संदेश दिया गया है। आमतौर पर निर्माण के बाद बची सामग्री को बेकार समझकर अलग कर दिया जाता है, लेकिन इस परियोजना में उसका रचनात्मक इस्तेमाल किया गया।
मेट्रो ट्रेन की प्रतिकृति और रिसाइकिल प्लास्टिक से तैयार थैले के माध्यम से यह दिखाने की कोशिश की गई है कि पर्यावरण संरक्षण के साथ उपयोगी और आकर्षक वस्तुएं भी बनाई जा सकती हैं।