मुंबई लोकल ट्रेनें सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

Mumbai Local Train Update: चेन पुलिंग और आग से बिगड़ा ट्रेनों का टाइम-टेबल, हजारों यात्री परेशान

Mumbai Local Trains: त्योहारी सीजन में मुंबई लोकल की रफ्तार थमी। मध्य रेलवे पर चेन पुलिंग की 6 घटनाएं हुईं, जबकि पश्चिम रेलवे पर ट्रैक के पास आग लगने से सिग्नल तंत्र ठप होने से ट्रेनें लेट चलीं।

रूपम सिंह

Highlights

  • मुंबई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित, चेन पुलिंग की 6 घटनाएं।

  • विरार-नालासोपारा के बीच आग से सिग्नल सिस्टम ठप।

  • पश्चिम रेलवे की लोकल 15-30 मिनट लेट, यात्रियों की बढ़ी परेशानी।

Mumbai Local Trains Central Railway: दिवाली के त्योहारी सीजन में मुंबई के रेल यात्रियों के लिए सोमवार का दिन भारी परेशानी भरा रहा। एक तरफ मध्य रेलवे पर यात्रियों द्वारा की गई गैर-जरूरी चेन पुलिंग ने ट्रेनों का पूरा टाइम-टेबल बिगाड़ दिया, तो वहीं दूसरी तरफ पश्चिम रेलवे पर पटरियों के पास लगी आग ने सिग्नल तंत्र को ठप कर दिया। इन दोहरी समस्याओं के चलते हजारों मुसाफिरों को भीषण भीड़, देरी और भारी फजीहत का सामना करना पड़ा।

मध्य रेलवे पर चेन पुलिंग की छह घटनाएं

छुट्टियों के इस दौर में ट्रेनों में उमड़ रही भारी भीड़ के बीच सोमवार को मध्य रेलवे पर चेन पुलिंग की छह बड़ी घटनाएं सामने आईं। इसके चलते पांच लंबी दूरी की मेल-एक्सप्रेस और एक लोकल ट्रेन की रफ्तार थम गई। दोपहर के वक्त कल्याण स्टेशन पर स्थिति तब और बिगड़ गई, जब तीन प्रमुख एक्सप्रेस गाड़ियों गोदान एक्सप्रेस (दोपहर 12:07 से 12:16 बजे), पवन एक्सप्रेस ( दोपहर 12:43 से 12:53 बजे) और उद्यान एक्सप्रेस (दोपहर 1:15 से 1:22 - बजे) में लगातार चेन खींच ली गई। इन घटनाओं के कारण ट्रेनें कई मिनटों तक प्लेटफॉर्म पर ही खड़ी रहीं, जिससे कल्याण से अंबरनाथ और टिटवाला जाने वाली लोकल सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं और ठाणे-कल्याण के बीच एक उपनगरीय लोकल को रद्द करना पड़ा।

रेलवे प्रशासन ने जारी की सख्त चेतावनी

इससे पहले सुबह के वक्त एलटीटी-आजमगढ़ सुपरफास्ट और एलटीटी-मऊ एक्सप्रेस में भी चेन पुलिंग की गई। मध्य रेलवे प्रशासन ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बिना किसी वाजिब और आपातकालीन वजह के ट्रेन की चेन खींचना एक दंडनीय अपराध है, जिसमें जेल और भारी जुर्माने का कड़ा प्रावधान है। एक तरफ जहां मध्य रेलवे पर मनमानी चेन पुलिंग ने मुश्किलें बढ़ाईं, वहीं दूसरी तरफ पश्चिम रेलवे पर रविवार देर रात हुए एक हादसे ने यातायात को बेपटरी कर दिया।

पश्चिम रेलवे पर आगजनी

विरार और नालासोपारा रेलवे स्टेशनों के बीच पटरियों के पास अचानक भीषण आग भड़क उठी। रात करीब 11:20 बजे लगी इस आग पर दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया, लेकिन तब तक इसने रेलवे के सिग्नल तंत्र को भारी नुकसान पहुंचा दिया था। आग की चपेट में आने से सिग्नल केबल और कई ट्रैक सर्किट जल गए, जिससे सोमवार सुबह मुंबई की ओर आने वाली अप लाइन की लोकल सेवाएं बाधित हो गईं।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और यात्रा के दौरान कानून का पालन करते हुए रेल संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करें।
रेलवे प्रशासन
रोज समय पर पहुंचने के लिए घर से निकलते हैं, लेकिन ऐसे हादसों से पूरा शेड्यूल बिगड़ जाता है। लोकल पहले ही लेट चल रही हैं और डिब्बों में पैर रखने की भी जगह नहीं है।
देवा चौहान, यात्री

मुसाफिरों की बढ़ी मुश्किलें

सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने हर ट्रेन को डबल सिग्नल नियमों के तहत बेहद सावधानी से मैनुअल तरीके से निकाला। परिणामस्वरूप, चर्चगेट की तरफ आने वाली सभी लोकल ट्रेनें 15 से 30 मिनट की देरी से चलीं। सोमवार की सुबह काम और दफ्तरों के लिए निकले दैनिक यात्रियों को स्टेशनों पर भारी भीड़ और ट्रेनों के लेट होने के कारण लंबा इंतजार करना पड़ा।

डिब्बों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी, जिससे यात्रियों का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया। हालांकि, पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने साफ किया कि कोई भी ट्रेन पूरी तरह रद्द नहीं की गई थी, केवल तकनीकी कारणों से परिचालन में देरी हुई। घटना की जानकारी मिलते ही सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की तकनीकी टीमें युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुट गई और जले हुए केबलों को बदलकर स्थिति को सामान्य किया गया।

क्या नए साल में आपके पुराने चेकबुक काम में नहीं आएंगे; Cheque Book के नए नियम को लेकर RBI ने किया क्लियर

उत्तर भारत में जल्द पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, पश्चिमी विक्षोभ से कई राज्यों के मौसम में हो रहा बड़ा उलटफेर

3300 नए जांबाज होंगे नौसेना में शामिल, 13 नवंबर को होगी अग्निवीरों की सबसे बड़ी पासिंग आउट परेड

BJP सांसद निशिकांत ने राहुल से पूछा चीन से जुड़े दो बड़े सवाल, 200 लोगों के नाम-पते सार्वजनिक करने की मांग

School Holiday: नवंबर में कहीं 21 दिन तो कहीं 11 दिन तक स्कूल बंद, जानें छुट्टियों का पूरा शेड्यूल