रविवार को मध्य, हार्बर और पश्चिम रेलवे पर मेगा ब्लॉक।
मध्य रेलवे पर माटुंगा–मुलुंड के बीच सुबह 11:05 से दोपहर 3:55 बजे तक ब्लॉक।
हार्बर लाइन पर सुबह 11:40 से शाम 4:40 बजे तक लोकल सेवाएं प्रभावित।
पनवेल–कुर्ला के बीच स्पेशल लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
पश्चिम रेलवे पर आधी रात 12:25 से सुबह 4:25 बजे तक जंबो ब्लॉक।
कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी या 20–25 मिनट देरी से चलेंगी।
Mumbai Local Train Sunday Mega Block: मुंबई में रविवार को लोकल ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मध्य रेलवे की मुख्य लाइन और हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा, जबकि पश्चिम रेलवे पर आधी रात को जंबो ब्लॉक रहेगा। इन ब्लॉकों के कारण कुछ लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी और कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चल सकती हैं।
मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर माटुंगा और मुलुंड के बीच अप और डाउन स्लो लाइनों पर सुबह 11.05 बजे से दोपहर 3.55 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान दोनों दिशाओं की धीमी लोकल ट्रेनों को फास्ट लाइनों पर चलाया जाएगा। इसके चलते कुछ लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 20 से 25 मिनट देरी से चल सकती हैं।
हार्बर लाइन पर सीएसएमटी से चुनाभट्टी और बांद्रा के बीच अप एवं डाउन लाइनों पर सुबह 11.40 बजे से शाम 4.40 बजे तक मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान सीएसएमटी और वाशी, बेलापुर तथा पनवेल के बीच दोनों दिशाओं की लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी। इसके अलावा सीएसएमटी और बांद्रा तथा गोरेगांव के बीच भी लोकल ट्रेनें दोनों दिशाओं में नहीं चलेंगी।
हार्बर लाइन पर ब्लॉक के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए पनवेल और कुर्ला के बीच विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। वहीं, ट्रांस-हार्बर लाइन पर लोकल सेवाएं और बेलापुर से उरण के बीच ट्रेन परिचालन जारी रहेगा। इन सेवाओं से संबंधित मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पश्चिम रेलवे पर मुंबई सेंट्रल और माहिम जंक्शन के बीच रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि में जंबो ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे की सूचना के अनुसार, अप फास्ट लाइन और पांचवीं लाइन पर रात 12.25 बजे से सुबह 4.25 बजे तक यह ब्लॉक रहेगा। इस दौरान कुछ उपनगरीय ट्रेन सेवाएं प्रभावित होंगी।
प्रभावित लोकल ट्रेनों की सूची संबंधित रेलवे स्टेशनों के स्टेशन मास्टर कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का समय और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी जांच लें।