

अक्टूबर में भारत का वस्तु निर्यात अब तक के सबसे ऊंचे मासिक स्तर पर पहुंचा।
त्योहारों की खरीदारी और GST संग्रह में तेजी से घरेलू आर्थिक गतिविधियों को सहारा मिला।
खुदरा महंगाई 6% से ऊपर पहुंची, जबकि विदेशी निवेश बढ़ने से शेयर बाजार को समर्थन मिला।
RBI November Bulletin 2026: दुनिया के कई देशों की अर्थव्यवस्थाओं में चुनौतियों और अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती बनाए रखी है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बुधवार को जारी नवंबर बुलेटिन में यह बात कही। केंद्रीय बैंक के मुताबिक, अक्टूबर में घरेलू आर्थिक गतिविधियां मजबूत बनी रहीं। बेहतर ऋण मांग और लगातार जारी आर्थिक गतिविधियों ने अर्थव्यवस्था को सहारा दिया। इस दौरान रिकॉर्ड निर्यात और विदेशी निवेश के प्रवाह ने भी बाजार को मजबूती दी।
RBI के मुताबिक, अक्टूबर में भारत का वस्तु निर्यात अब तक के सबसे ऊंचे मासिक स्तर पर पहुंच गया। निर्यात में लगातार सातवें महीने दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की गई। इसके चलते पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले व्यापार घाटा कम रहा।
इस दौरान बाह्य वाणिज्यिक उधार (ECB) और अनिवासी भारतीयों (NRI) की जमा में भी शुद्ध प्रवाह मजबूत बना रहा। वहीं, विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) बढ़ने से शेयर बाजार को भी समर्थन मिला।
केंद्रीय बैंक ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही की शुरुआत भारतीय कंपनियों के मजबूत प्रदर्शन के साथ हुई है। दूसरी तिमाही के कॉरपोरेट नतीजों में भी इसकी झलक देखने को मिली। अक्टूबर में त्योहारों के दौरान बढ़ी खरीदारी ने बाजार में मांग को गति दी और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े प्रमुख संकेतक सकारात्मक बने रहे।
अक्टूबर में GST कलेक्शन में भी तेज वृद्धि दर्ज की गई। जुलाई 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद यह दूसरा सबसे बड़ा मासिक संग्रह रहा। आरबीआई के अनुसार, यह घरेलू खपत और आर्थिक गतिविधियों में मजबूती का संकेत है।
अर्थव्यवस्था की मजबूती के बीच महंगाई के मोर्चे पर चुनौती भी सामने आई। आरबीआई बुलेटिन के मुताबिक, अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर (CPI) बढ़कर 6 फीसदी से ऊपर पहुंच गई। इसमें सबसे बड़ी भूमिका खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों की कीमतों की रही। इसके अलावा ईंधन और कोर महंगाई में भी कुछ तेजी दर्ज की गई।
केंद्र सरकार के वित्तीय घाटे से जुड़े प्रमुख संकेतक वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में पिछले साल की समान अवधि से अधिक रहे। हालांकि, इस दौरान पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) में दोहरे अंकों की वृद्धि जारी रही। इससे बुनियादी ढांचे के विकास पर सरकार का लगातार जोर दिखाई देता है।
आरबीआई ने बताया कि अक्टूबर में रिजर्व मनी और प्रचलन में मौजूद मुद्रा की वृद्धि दर पिछले पांच वर्षों के सबसे ऊंचे स्तर पर रही। बैंक ऋण में भी मजबूत वृद्धि जारी रही। केंद्रीय बैंक के मुताबिक, यह निवेश और उपभोग से जुड़ी गतिविधियों में निरंतरता को दर्शाता है।
अक्टूबर के आखिरी दिनों से भारतीय शेयर बाजारों में सुधार देखने को मिला। बेहतर कॉरपोरेट नतीजों, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी निवेशकों की वापसी ने बाजार को मजबूती दी।
इसके अलावा, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट और वैश्विक निवेश माहौल में सुधार के बीच विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों का ऋण बाजार में निवेश भी बढ़ने लगा। आरबीआई के मुताबिक, भारतीय रुपया अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से मजबूत होना शुरू हुआ और नवंबर में विदेशी निवेश का प्रवाह बढ़ने के साथ इसमें और मजबूती आई।
वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर आरबीआई ने कई जोखिमों की ओर भी ध्यान दिलाया है। बुलेटिन के मुताबिक, आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं, ऊर्जा की ऊंची कीमतें और भू-राजनीतिक तनाव दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं के सामने चुनौतियां बने हुए हैं।
लगातार महंगाई के दबाव के कारण पिछले तीन महीनों में दुनिया के प्रमुख केंद्रीय बैंकों ने सख्त मौद्रिक नीतियां जारी रखीं। वहीं, एआई से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट और सरकारी बॉन्ड की ऊंची यील्ड ने वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव बढ़ाया है।
अक्टूबर और नवंबर में तकनीकी कंपनियों के शेयरों के ऊंचे मूल्यांकन और एआई में निवेश को लेकर बढ़ती चिंताओं का असर भी वैश्विक बाजारों पर दिखाई दिया। -एजेंसी इनपुट के साथ