

Mumbai Local Mega Block: मध्य रेलवे के मुंबई मंडल में रविवार को यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। 13 सितंबर को उपनगरीय रेल मार्गों पर विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जाएगा।
इसका असर मेन लाइन और ट्रांस-हार्बर लाइन की लोकल सेवाओं पर पड़ेगा। यात्रियों को सफर की योजना बनाते समय ब्लॉक की समय-सारिणी का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
ठाणे और कल्याण के बीच अप और डाउन धीमी लाइन पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान मुलुंड से सुबह 10:43 बजे से दोपहर 3:53 बजे तक कल्याण की ओर जाने वाली डाउन धीमी और अर्ध-तेज लोकल को डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें ठाणे, कलवा, मुंब्रा, दिवा और डोंबिवली स्टेशनों पर रुकेंगी और अपने गंतव्य तक करीब 10 मिनट की देरी से पहुंचेंगी।
इसी तरह कल्याण से सुबह 10:36 बजे से दोपहर 3:51 बजे तक रवाना होने वाली अप धीमी और अर्ध-तेज लोकल को कल्याण से मुलुंड के बीच अप फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। ये ट्रेनें डोंबिवली, दिवा, मुंब्रा, कलवा और ठाणे में ठहरेंगी।
मुलुंड के बाद इन्हें फिर धीमी लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। इन सेवाओं के गंतव्य तक पहुंचने में करीब 10 मिनट की देरी होगी। सीएसएमटी से सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच चलने वाली अथवा वहां पहुंचने वाली सभी अप और डाउन धीमी लोकल भी लगभग 10 मिनट देरी से चलेंगी।
ठाणे और वाशी/नेरुल के बीच अप-डाउन ट्रांस-हार्बर लाइन पर सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान ठाणे स्टेशन से वाशी, नेरुल और पनवेल तथा इन स्टेशनों से ठाणे के बीच लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी।
हालांकि बेलापुर-उरण लाइन की ट्रेनें रविवार के समय-सारिणी के अनुसार चलेंगी। मध्य रेलवे ने कहा कि बुनियादी ढांचे की देखभाल और यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह ब्लॉक आवश्यक है। रेल प्रशासन ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है।