मुंबई बेस्ट बस  सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

मुंबई में बेस्ट बस सेवा का दायरा सिमटा, 6 साल में 54 रूट बंद और 92 के मार्ग छोटे; यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Mumbai BEST Bus Routes Closed: मुंबई में बेस्ट के 54 बस रूट बंद और 92 छोटे किए गए। यात्रियों की परेशानी बढ़ी, हालांकि अगले 3 महीनों में 1,500 नई बसें आने की उम्मीद।

रूपम सिंह

Highlights

  • छह साल में BEST के 54 रूट बंद, 92 के मार्ग छोटे किए गए।

  • BEST के बेड़े में 2,877 बसें, इनमें सिर्फ 249 खुद की।

  • तीन महीने में 1,500 नई बसें आने का दावा, पुराने रूट फिर शुरू करने की तैयारी।

Mumbai BEST 1500 New Buses Launch Update: मुंबई के आम नागरिकों के लिए सबसे किफायती और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन मानी जाने वाली बेस्ट सेवा के सिमटते दायरे ने रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले 6 वर्षों के दौरान बेस्ट प्रशासन द्वारा 54 बस रूटों को पूरी तरह बंद करने और 92 अन्य रूटों के मार्ग को छोटा करने का सीधा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है। इस कटौती के चलते बेस्ट का नेटवर्क 405 रूटों तक सिमट कर रह गया है, जो वर्ष 2010-11 में 504 रूटों के साथ अपने चरम पर था।

बस रूटों के बंद होने और मार्ग छोटा किए जाने से सबसे अधिक परेशानी उन मध्यम और निम्न मध्यम वर्गीय यात्रियों को हो रही है, जो दफ्तर, स्कूल, कॉलेज और अस्पताल जाने के लिए सीधे बेस्ट की बसों पर निर्भर थे। वर्ष 2024 में 427 रूटों पर चलने वाली बसें वर्ष 2025 में घटकर 401 रूटों पर आ गई। वहीं इस वर्ष नवंबर तक 3 रूट बंद किए गए और 13 रूटों को छोटा कर दिया गया। सीधे बस रूट बंद होने के कारण यात्रियों को मंजिल तक पहुंचने के लिए बार-बार बसें बदलनी पड़ रही हैं या फिर ऑटो-रिक्शा और टैक्सी जैसे महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है।

बेस्ट के बेड़े में हैं कुल 2,877 बसें

वर्तमान में बेस्ट बस के बेड़े में शामिल 2,877 बसों में से महज 249 अपनी हैं, जबकि 2,628 बसें वेट-लीज पर चल रही हैं। किराए की बसों पर निर्भरता और संचालकों के विवादों से यात्रियों को स्टॉप पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। अगले तीन साल में खुद की 5,000 समेत कुल 10,000 बसें लाने की योजना के बावजूद आम जनता को तत्काल कोई राहत नहीं मिल रही है।

सुविधा की हो रही अनदेखी

आर्थिक मोर्चे पर सुधार दर्ज करते हुए बस विभाग की आय वर्ष 2024-25 के 1,640.21 करोड़ रुपए से करीब 497 करोड़ बढ़कर 2025-26 में 2,136.46 करोड़ रुपए हो गई है और घाटे में भी 540.46 करोड़ रुपए की कमी आई है।

हालांकि, परिवहन घाटा अब भी सबसे बड़ा बोझ बना हुआ है, लेकिन यात्रियों का मानना है कि आर्थिक सुधार की कवायद में बुनियादी सुविधाओं और सीधे बस रूटों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

इसलिए बंद हुए 54 बस रूट

  • बेस्ट समिति के कई सदस्यों ने आरोप लगाए कि पुरानी कमेटी और पूर्व प्रशासक द्वारा मुंबई शहर की जरूरत के मुताबिक बसें मुहैया कराई गई।

  • बसों की समय पर उपलब्धता न होने से कम राजस्व वाले 54 रूट बंद करने पड़े, जहां औसतन हर 20 मिनट में बस सेवा मिलती थी।

आएंगी 1500 नई बसें

परिवहन समिति के सदस्यों के मुताबिक 3 महीनों में 1500 नई बसे आ जाएंगी। 5000 बसों के बड़े प्रोजेक्ट को पूरा होने में लगभग दो साल का समय लगेगा, नई बसों के शामिल होते ही न केवल पुराने 54 बंद रूटों को फिर से चालू किया जाएगा, बल्कि यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए 17 से 18 प्रस्तावित नए रूट भी शुरू किए जाएंगे।

बेस्ट बस रूटों को बंद करने का फैसला बेहद चिंताजनक है। इससे विद्यार्थियो, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवाएं कम करने के बजाय प्रशासन को बसों की संख्या और फ्रीक्वेंसी बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। इसी के साथ ही बेस्ट प्रशासन फैसले पर तत्काल पुनर्विचार करे और कारण को सार्वजनिक करे।
फैसल खान, सदस्य, बेस्ट समिति
पिछली बेस्ट समिति की गलत नीतियों से मुंबई की आवश्यकता के अनुरूप बसें उपलब्ध नहीं हो सकीं, जिसके चलते कम राजस्व वाले 54 रूट बंद करने पड़े। हालांकि, नई बसों का पहला स्लॉट आते ही बंद पड़े पुराने रूटों को प्राथमिकता के आधार पर फिर से बहाल किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों का सफर सुगम और किफायती हो सके।
रमाकांत गुप्ता, सदस्य, बेस्ट समिति

चारधाम यात्रा: श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड बढ़ोतरी, लेकिन मौतों का आंकड़ा भी 63% बढ़ा; 297 तीर्थयात्रियों की गई जान

दुनिया का सबसे प्रभावशाली मुसलमान कौन है? भारत के इस मौलाना को मिली जगह, देखें लिस्ट

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, भीषण मुठभेड़ में लश्कर का आतंकी लतीफ भट ढेर

मेरे प्यारे पापा, मेरी मां, कल सुबह 6 बजे मैं मर जाऊंगा, कौन थे दक्षिण भारत के भगत सिंह

राहुल गांधी का बड़ा बयान, बोले- आर्थिक संकट की कगार पर भारत; बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल