

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी लेकिन मौतों का आकड़ा चिंताजनक
इस वर्ष सबसे अधिक 23,49,345 श्रद्धालुओं ने बद्रीनाथ धाम के दर्शन किए
यात्रा के दौरान 2025 में 182 श्रद्धालुओं की जान गई थी, जबकि 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 297 पहुंच
Char Dham Yatra Deaths Increase 63 Percent: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में इस साल श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ हेमकुंड साहिब पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में पिछले साल के मुकाबले 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ मौतों का आंकड़ा भी चिंता बढ़ाने वाला रहा। वर्ष 2026 में इन पांचों धार्मिक स्थलों की यात्रा के दौरान 297 तीर्थयात्रियों की मौत हुई, जो पिछले साल की तुलना में 63 प्रतिशत अधिक है।
देहरादून स्थित गैर-लाभकारी संस्था एसडीसी फाउंडेशन की ओर से जारी विश्लेषण में यह जानकारी सामने आई है। राज्य सरकार के रोजाना जारी होने वाले बुलेटिन के आधार पर तैयार रिपोर्ट के मुताबिक, इस वर्ष कुल 65,65,197 श्रद्धालुओं ने पांचों तीर्थस्थलों के दर्शन किए। जबकि 2025 में यह संख्या 51,07,346 थी। इस तरह एक साल में 14,57,851 अधिक तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुंचे।
उत्तराखंड के देहरादून स्थित गैर-लाभकारी संस्था एसडीसी फाउंडेशन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष सबसे अधिक 23,49,345 श्रद्धालुओं ने बद्रीनाथ धाम के दर्शन किए। दूसरे स्थान पर केदारनाथ रहा, जहां 19,33,138 तीर्थयात्री पहुंचे। वहीं, गंगोत्री में 10,07,177, यमुनोत्री में 8,84,841 और हेमकुंड साहिब में 3,90,696 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका।
पिछले वर्ष की तुलना में बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की संख्या 42-42 प्रतिशत बढ़ी। यमुनोत्री में 37 प्रतिशत और गंगोत्री में 33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, केदारनाथ में तीर्थयात्रियों की संख्या में सबसे कम 9 प्रतिशत का इजाफा हुआ।
एसडीसी फाउंडेशन के विश्लेषण का सबसे चिंताजनक पहलू तीर्थयात्रियों की मौतों से जुड़ा है। वर्ष 2025 में यात्रा के दौरान 182 श्रद्धालुओं की जान गई थी, जबकि 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 297 पहुंच गया। यानी मौतों में 63 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
रिपोर्ट के अनुसार, इनमें ज्यादातर मौतें प्राकृतिक और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से हुईं। ऐसे मामलों की संख्या पिछले साल 159 थी, जो इस वर्ष बढ़कर 288 हो गई। इसमें करीब 81 प्रतिशत का उछाल आया है।
एसडीसी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल और प्रवीण उप्रेती ने इन आंकड़ों का संकलन किया है। रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं, मेडिकल जांच और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करना भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।