

80 साल पुरानी जर्जर इमारत को 18-19 नवंबर को गिराने की तैयारी।
वक्फ संपत्ति का दावा, 24 घंटे के नोटिस पर स्थानीय निवासियों ने उठाए सवाल।
सड़क चौड़ीकरण में भी बाधा बन रही इमारत, प्रार्थना कक्ष के लिए वैकल्पिक व्यवस्था।
Mumbai BMC Bhindi Bazaar Demolition Action: मुंबई के भिंडी बाजार स्थित अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की पुश्तैनी इमारत को बीएमसी 18 और 19 नवंबर को गिराने जा रही है। करीब 80 साल पुरानी हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना नाम की यह इमारत बेहद जर्जर और खतरनाक स्थिति में पहुंच चुकी है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद इसे ध्वस्त करने का फैसला लिया गया है। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बंदोबस्त रहेगा।
पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट पर स्थित इस इमारत को दाऊद इब्राहिम का पुश्तैनी घर माना जाता है। बताया जाता है कि 1986 में भारत छोड़ने से पहले दाऊद और उसका परिवार यहीं रहता था। इसी इमारत में उसका घर और कार्यालय भी था। दावा किया जाता है कि 1993 के मुंबई बम धमाकों की साजिश से जुड़ी गतिविधियां भी इसी परिसर में हुई थीं।
बीएमसी के सी वार्ड ने 16 नवंबर 2026 को इमारत को सी-1 श्रेणी की अत्यधिक जर्जर और खतरनाक इमारत घोषित करते हुए नोटिस जारी किया था। 31 अगस्त 2020 के बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के तहत इसे गिराने की कार्रवाई की जा रही है। यह इमारत सेकंड कूपर स्ट्रीट के सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट में भी बाधा बन रही है।
ध्वस्तीकरण को लेकर स्थानीय निवासियों और प्रशासन के बीच विवाद भी सामने आया है। कुछ लोगों और ट्रस्ट का दावा है कि यह वक्फ बोर्ड की संपत्ति है और वक्फ ट्रिब्यूनल ने तोड़फोड़ पर रोक लगाई है। उनका आरोप है कि मुंबई बीएमसी ने निर्धारित 15 दिनों के बजाय केवल 24 घंटे का नोटिस दिया। हालांकि, बीएमसी ने ध्वस्तीकरण की तैयारी जारी रखी है।
इमारत लगभग खाली है, लेकिन ग्राउंड फ्लोर पर स्थित प्रार्थना कक्ष का इस्तेमाल अब भी होता है। सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट ने इसके लिए दो विकल्प दिए हैं। पहला, अन-नस्र टॉवर में अस्थायी जगह उपलब्ध कराना और दूसरा, नई जगह किराए पर लेने के लिए आर्थिक मुआवजा देना। बीएमसी ने धार्मिक पुस्तकों, कुरान और अन्य वस्तुओं को सम्मानपूर्वक सुरक्षित बाहर निकालने का निर्देश दिया है।
भिंडी बाजार का नाम भिंडी की सब्जी से नहीं जुड़ा है। एक मान्यता के अनुसार, ब्रिटिश काल में इस इलाके को 'बिहाइंड द बाजार' कहा जाता था, जो बाद में भेंडी बाजार बन गया। दूसरी मान्यता के मुताबिक, यहां कुम्हारों की बस्ती थी और मिट्टी के बर्तनों को मराठी में 'भांडी' कहा जाता था। इसी से भांडी बाजार और फिर भेंडी बाजार नाम प्रचलित हुआ।