रेल मंत्रालय ने सूरत स्टेशन की नई तस्वीरें साझा कीं।
स्टेशन पर एस्केलेटर और कैसेट एसी की सुविधा।
2027 की आखिरी तिमाही में सूरत-वापी के बीच चलेगी पहली बुलेट ट्रेन।
सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में ओवरहेड इलेक्ट्रिक सिस्टम शुरू।
Mumbai Ahmedabad Bullet Train: देश की पहली मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस बीच रेल मंत्रालय ने सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन की नई तस्वीरें साझा की हैं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस इस स्टेशन का निर्माण कार्य परियोजना के महत्वपूर्ण पड़ावों में शामिल है। योजना के मुताबिक, वर्ष 2027 की आखिरी तिमाही में सूरत से वापी के बीच पहली बुलेट ट्रेन सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे कॉरिडोर पर परिचालन शुरू किया जाएगा।
रेल मंत्रालय की ओर से जारी तस्वीरों में सूरत स्टेशन की भव्य संरचना और आधुनिक डिजाइन दिखाई दे रहा है। स्टेशन परिसर को वातानुकूलित रखने के लिए छत पर कैसेट एसी यूनिट्स लगाई गई हैं। यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए एस्केलेटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्रालय की ओर से साझा की गई बर्ड्स आई व्यू तस्वीर में स्टेशन की विशाल इमारत और उसकी संरचना स्पष्ट दिखाई देती है।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर परिचालन चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की योजना है। पहले चरण में सूरत से वापी के बीच बुलेट ट्रेन चलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए वर्ष 2027 की आखिरी तिमाही का समय तय किया गया है। शुरुआती सेवा शुरू होने के बाद परियोजना के अन्य हिस्सों को भी धीरे-धीरे जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों को हाईस्पीड रेल सेवा का लाभ मिलना शुरू होगा।
बुलेट ट्रेन संचालन की तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट (ओएचई) सिस्टम भी शुरू कर दिया गया है। यह सिस्टम बुलेट ट्रेन को बिजली की आपूर्ति करने के लिए महत्वपूर्ण है। इसके शुरू होने से परियोजना के तकनीकी और परिचालन संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना देश में हाईस्पीड रेल परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सूरत-वापी सेक्शन से शुरुआत के बाद अन्य हिस्सों को जोड़ने की योजना है। इससे मुंबई, गुजरात और अहमदाबाद के बीच तेज रेल कनेक्टिविटी विकसित करने का लक्ष्य पूरा करने में मदद मिलेगी।