

बिसलेरी ने बाजार से वापस मंगाया पानी का बैच PB201।
एफएसएसएआई ने 12 अगस्त 2026 को बिक्री पर लगाई थी रोक।
शुरुआती जांच में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने का दावा।
दो स्वतंत्र लैब की जांच में पानी निर्धारित मानकों के अनुरूप मिला।
Bisleri Water Batch PB201 FSSAI Ban: देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के पानी की गुणवत्ता को लेकर मामला सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के निर्देश पर कंपनी अपने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के बैच PB201 को पहले ही बाजार से वापस मंगा चुकी है। इस बैच की बिक्री पर 12 अगस्त 2026 को रोक लगाई गई थी। हालांकि, कंपनी की ओर से कराई गई स्वतंत्र प्रयोगशाला जांच में पानी निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, विवादित बैच पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा स्थित बिसलेरी के प्लांट में तैयार किया गया था।
नियामकीय जांच के दौरान प्राथमिक और रेफरल प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में पानी के नमूनों में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद एफएसएसएआई ने संबंधित बैच की बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया। कंपनी ने निर्देशों का पालन करते हुए बाजार से इस बैच को वापस मंगा लिया।
कंपनी ने नियामकीय जांच के बाद एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र प्रयोगशाला में उसी बैच के नमूनों की जांच कराई। बिसलेरी के मुताबिक, इस जांच में पानी को कोलीफॉर्म बैक्टीरिया और खाद्य सुरक्षा से जुड़े अन्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। इसके बाद एक दूसरी स्वतंत्र और मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में भी नमूनों की जांच कराई गई। कंपनी का दावा है कि वहां की रिपोर्ट में भी पानी निर्धारित मानकों पर खरा उतरा।
बिसलेरी ने कहा है कि उसे उम्मीद है कि इस मामले का आकलन उन्हीं मानकों के आधार पर किया जाएगा, जो पूरे उद्योग पर लागू होते हैं। कंपनी ने मामले से जुड़े तथ्यों को सामने लाने के लिए एफएसएसएआई बिसलेरी को पूरा सहयोग देने की बात कही है।
कंपनी के अनुसार, पीने के पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिसलेरी की निर्माण प्रक्रिया 10 चरणों में पूरी होती है और इस दौरान गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 90 से अधिक जांच की जाती हैं। कंपनी ने अपने उत्पाद को पीने के लिए सुरक्षित बताया है। हालांकि, इस मामले में नियामकीय जांच और स्वतंत्र प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट के बीच अंतर को लेकर आगे की स्थिति महत्वपूर्ण होगी।