Raigad Pumped Storage Project: महाराष्ट्र में अक्षय ऊर्जा और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की गरिमामयी उपस्थिति में रायगढ़ जिले में स्थित NTPC के कुम्बे (Kumbe) और अंबा (Amba) पंपड स्टोरेज हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट्स (PSP) की क्षमता बढ़ाने के लिए एक संशोधित समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस नए समझौते के बाद इन दोनों परियोजनाओं की कुल स्थापित क्षमता 1,800 MW से बढ़कर अब 2,600 MW हो जाएगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स (PSPs) के विकास के लिए महाराष्ट्र सरकार (जल संसाधन विभाग) और नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NTPC) के बीच एक संशोधित MoU पर हस्ताक्षर और उसके आदान-प्रदान की अध्यक्षता की।
मंत्रालय के कमेटी हॉल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान विस्तृत जानकारी साझा की गई। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) की सिफारिशों और NTPC के सर्वेक्षण के बाद यह निर्णय लिया गया कि इन क्षेत्रों में बिजली उत्पादन की अधिक संभावना है।
जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दीपक कपूर और NTPC के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक ई. सत्य फणी कुमार ने आधिकारिक रूप से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) के माध्यम से पंपड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स के विकास के लिए दिसंबर 2023 में एक नीति जारी की गई थी। NTPC के साथ किया गया यह समझौता राज्य का 60वां MoU है। सरकार का अनुमान है कि इन सभी 60 समझौतों के माध्यम से प्रदेश में कुल 82,015 MW बिजली उत्पादन की क्षमता विकसित होगी।
यह भी पढ़ें:- EXPLAINER: मिसिंग लिंक क्यों पड़ा नाम? 27 साल बाद मिला मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का शॉर्टकट, घाट के जाम से मुक्ति
यह केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में लगभग 4.28 लाख करोड़ रुपए के निवेश की संभावना है। साथ ही, इससे प्रदेश के युवाओं के लिए 1.31 लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इस कार्यक्रम में राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन और NTPC के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।