Maharashtra FDA Milk Adulteration Drive: दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने महाराष्ट्र में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान राज्यभर में बड़ी मात्रा में दूध और दुग्ध उत्पाद जब्त किए गए। कार्रवाई में कुल 2,348 किलो दुग्ध उत्पाद एवं पाउडर तथा 202 लीटर दूध जब्त किया गया।
FDA की टीम ने नवी मुंबई के एमआईडीसी स्थित महापे क्षेत्र में भास्कर डेयरी की जांच की। यहां से 473 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर सहित अन्य दुग्ध उत्पाद और खाद्य सामग्री जब्त की गई। जब्त माल की कुल कीमत करीब 12.24 लाख रुपये बताई गई है।
बीड जिले के आष्टी में जांच के दौरान 1,800 किलो व्हे पाउडर का स्टॉक जब्त किया गया। FDA को आशंका है कि इस पाउडर का इस्तेमाल कृत्रिम दूध तैयार करने में किया जा सकता था। जब्त स्टॉक की कीमत करीब 2.62 लाख रुपये बताई गई है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
विशेष अभियान के दौरान राज्यभर में 89 होटल, रेस्तरां, ढाबे और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई। इनमें खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी खामियां मिलने पर 71 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए।
गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 13 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। विभाग के अनुसार, दूध और दुग्ध उत्पादों के साथ अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की भी जांच की गई। पूरे अभियान में करीब 26.41 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
FDA की कार्रवाई का उद्देश्य दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा मिलावटी या संदिग्ध सामग्री के इस्तेमाल पर रोक लगाना है। विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।