Tukaram Mundhe FDA Commissioner: महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वाले होटल, रेस्तरां और ढाबों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कार्रवाई तेज कर दी है। विशेष अभियान के तहत राज्यभर में 89 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। गंभीर खामियां मिलने पर 13 प्रतिष्ठानों के खाद्य कारोबार लाइसेंस निलंबित कर दिए गए, जबकि 71 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में मई से खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान मुंबई के अलावा नागपुर, नासिक, अमरावती, छत्रपति संभाजीनगर और परभणी समेत कई जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
दक्षिण मुंबई स्थित बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब की 19 अगस्त को जांच की गई। जांच में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के करीब 47 प्रतिशत उल्लंघन पाए गए। निरीक्षण के दौरान रसोई में बड़ी संख्या में जीवित मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच मिले।
गंभीर खामियों के चलते क्लब का खाद्य कारोबार लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। साथ ही खाद्य पदार्थों की खरीद, बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी गई।
नरीमन पॉइंट स्थित स्टेटस रेस्टोरेंट का लाइसेंस ग्राहक की शिकायत के बाद निलंबित किया गया। जांच में साफ बर्तनों पर गंदा पानी गिरना, गंदे बर्तन, जमा पानी, खाद्य कचरा और कर्मचारियों में पर्याप्त व्यक्तिगत स्वच्छता का अभाव पाया गया।
इसके अलावा खार जिमखाना का पंजीकरण प्रमाणपत्र भी निलंबित किया गया। बजरंग स्वीट मार्ट और एएसएम होटल्स एंड हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज के खिलाफ भी लाइसेंस संबंधी कार्रवाई की गई।
मुंबई के बाहर नागपुर के ड्यू ब्रदर्स शावरमा, नासिक के अयंती स्नैक्स और अमरावती के पिंटू यादव स्वीट्स के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। छत्रपति संभाजीनगर और परभणी के छप्पन भोग थाली रेस्तरां एंड बैंक्वेट हॉल, म्हारो गायत्री मेवाड़ प्राइवेट लिमिटेड और स्टार बेकरी के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं।
एफडीए की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि राज्य में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। विभाग की ओर से आगे भी होटल, रेस्तरां, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहने की संभावना है।