महाराष्ट्र के किसानों को 5 हजार रुपये की अग्रिम सहायता शुरू।
सरकार ने 31 हजार करोड़ रुपये की राहत का प्रस्ताव रखा।
दिवाली के बाद बड़ी आर्थिक सहायता की घोषणा संभव।
Maharashtra Drought Relief Package: सूखे और अतिवृष्टि से फसलें बर्बाद होने के बाद आर्थिक संकट का सामना कर रहे महाराष्ट्र के किसानों के लिए राहत की खबर है। राज्य में पात्र किसानों को 5 हजार रुपये की अग्रिम आर्थिक सहायता मिलनी शुरू हो गई है। वहीं, दिवाली के बाद किसानों के लिए बड़े राहत पैकेज को लेकर राज्य सरकार की ओर से अहम घोषणा किए जाने की संभावना है।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि कृषि विभाग ने किसानों को राहत देने के लिए करीब 31 हजार करोड़ रुपये की सहायता का प्रस्ताव तैयार किया है। हालांकि, इस प्रस्ताव के तहत कितनी राशि मंजूर होगी और किसानों को किस आधार पर मदद दी जाएगी, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
राज्य सरकार ने सूखा प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने के लिए 5 हजार रुपये की अग्रिम सहायता देने का फैसला किया है। इस योजना के लिए 7,500 करोड़ रुपये का प्रावधान मंजूर किया गया है।
यह सहायता राज्य के 304 सूखा प्रभावित तालुकों के पात्र किसानों को दी जानी है। जिन किसानों की फसलों को 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है, वे इसके लिए पात्र होंगे। राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही है।
प्रताप सरनाईक ने बताया कि सूखा प्रभावित किसानों की समस्याओं और उन्हें दी जाने वाली सहायता पर विचार करने के लिए राज्य सरकार ने नौ सदस्यीय उपसमिति गठित की है। वे भी इस समिति के सदस्य हैं। समिति किसानों को राहत देने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक मदद उपलब्ध कराना है।
कृषि विभाग की ओर से तैयार 31 हजार करोड़ रुपये के सहायता प्रस्ताव को लेकर किसानों की उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, यह राशि अभी प्रस्ताव के स्तर पर है। इसे मंजूरी मिलने और सहायता का स्वरूप तय होने के बाद ही किसानों को मिलने वाली वास्तविक राहत स्पष्ट हो सकेगी। ऐसे में किसानों की नजर दिवाली के बाद होने वाली सरकारी घोषणा पर टिकी है।
फिलहाल 5 हजार रुपये की अग्रिम सहायता से किसानों को तत्काल आर्थिक मदद मिलने की उम्मीद है, लेकिन फसल नुकसान की भरपाई और खेती की अगली तैयारी के लिए उन्हें बड़े राहत पैकेज का इंतजार है।