Maharashtra Board Exam Result 2026 Update: उत्तराखंड बोर्ड (UBSE), उत्तर प्रदेश बोर्ड द्वारा कक्षा 10वीं के नतीजे घोषित किए जाने के बाद अब महाराष्ट्र के लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों की धड़कनें तेज हो गई हैं। हर कोई उत्सुकता से महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल (MSBSHSE) के आधिकारिक अपडेट का इंतजार कर रहा है। लेकिन इसी बीच, राज्य बोर्ड के गलियारों से एक ऐसी खबर आ रही है जो छात्रों की चिंता बढ़ा सकती है।
महाराष्ट्र 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। हर साल अप्रैल की आखिरी सप्ताह या मई के शुरुआती दिनों में परिक्षा परिणाम आते हैं, लेकिन इस बार देरी होने की आशंका जताई जा रही है। इसका कारण है महाराष्ट्र बोर्ड के कर्मचारियों की हड़ताल। कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों का मुख्य विरोध सरकार के उस फैसले पर है जिसमें प्रमोशन और ट्रांसफर की समय सीमा को 2 साल से बढ़ाकर 4 से 6 साल कर दिया गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि यह निर्णय एकतरफा है और उनके हितों के खिलाफ है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सरकार और कर्मचारियों के बीच यह गतिरोध जल्द समाप्त नहीं हुआ, तो इसका सीधा असर बोर्ड के कामकाज पर पड़ेगा। उत्तर पुस्तिकाओं की जांच और डेटा एंट्री जैसे महत्वपूर्ण कार्य रुक सकते हैं, जिससे अंतिम परिणाम घोषित होने में काफी देरी होने की आशंका है। इससे उन छात्रों का भविष्य अधर में लटक सकता है जो आगे की प्रवेश प्रक्रियाओं के लिए समय पर रिजल्ट की उम्मीद कर रहे हैं।
एक तरफ जहां नतीजों को लेकर असमंजस है, वहीं दूसरी ओर बोर्ड ने निजी (Private) रूप से परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए राहत भरी खबर दी है। जून-जुलाई में होने वाली प्राइवेट परीक्षाओं के लिए 'फॉर्म नंबर 17' भरने की प्रक्रिया को अब पूरी तरह डिजिटल कर दिया गया है। अब छात्रों को कागजी कार्रवाई के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
नए नियमों के अनुसार, छात्रों को आधिकारिक पोर्टल mahahsscboard.in पर जाकर पंजीकरण करना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन के दौरान छात्र अपने वर्तमान पते के आधार पर जिले और पसंदीदा परीक्षा केंद्र (स्कूल या कनिष्ठ महाविद्यालय) का चुनाव कर सकेंगे। फीस का भुगतान भी ऑनलाइन मोड में होगा और छात्र तुरंत अपनी डिजिटल रसीद प्राप्त कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें:- Shaktipeeth Expressway: किन-किन धार्मिक स्थलों को जोड़ेगा शक्तिपीठ महामार्ग? जानिए पूरी लिस्ट
रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र इन वेबसाइट्स पर अपना स्कोरकार्ड देख पाएंगे।
mahresult.nic.in
mahahsscboard.in
hscresult.mkcl.org
छात्रों को अपना रोल नंबर और माता का नाम दर्ज करना होगा। बोर्ड ने सलाह दी है कि भविष्य की प्रवेश प्रक्रिया के लिए छात्र अपने ऑनलाइन रिजल्ट का प्रिंटआउट जरूर निकाल लें।