CBSE 10th Result: पूर्वेश कापसे 99.6% के साथ अव्वल, बेटियों ने फिर मारी बाजी! 17 मई को फिर होगी परीक्षा

CBSE Class 10 Results Nagpur: सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट घोषित। नागपुर के पूर्वेश कापसे ने 99.6% अंकों के साथ मारी बाजी। जिले का परिणाम 94% रहा। मई में होगी दूसरी वैकल्पिक परीक्षा।
CBSE Class 10th Result Out: Nagpur's Purvesh Kapse scores 99.6%. 94% students pass in Nagpur district. Optional second exam to be held in May.
पूर्वेश कापसे और यामिनी आडे (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Nagpur CBSE School Results: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल (CBSE) द्वारा कक्षा 10वीं का परिणाम बुधवार को घोषित किया गया। इस बार भी सिटी के विविध स्कूलों के छात्रों ने शानदार अंक हासिल करते हुए सफलता प्राप्त की। हर बार की तरह इस दफा भी कुल मेधावियों में लड़कियां ही अव्वल रहीं। इसमें पूर्वेश कापसे, यामिनी आडे, प्रथम उत्तरवार, सोनाक्षी नागदेवे, डिम्पी मानधवलकर, तिया चकोले, अवंतिका चौरसिया, यशस्वी डागा, सोनाक्षी गुप्ता ने बाजी मारी।

परीक्षा में नागपुर जिले के करीब 94 फीसदी छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस बार बोर्ड परीक्षा में करीब 10,000 से अधिक छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा में कई तरह घटनाक्रम भी देखने को मिले। गणित का पेपर कठिन होने और कुछ प्रश्न आउट ऑफ सिलेबस होने की भी शिकायत CBSE को की गई थी। इतना ही नहीं क्यूआर कोड को स्कैन करने पर फिल्मी गीत दिखने की घटना भी चर्चा का विषय बनी।

विवादों के बीच छात्रों का शानदार प्रदर्शन

भौतिकशास्त्र के पेपर में 80 फीसदी न्यूमेरिकल व कुछ प्रश्न कठिन होने की भी छात्रों की शिकायत रही। परीक्षा में पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल के पूर्वेश कापसे ने 99.6 फीसदी अंकों के साथ बाजी मारी। पूर्वेश के मिले अंकों से लग रहा है कि वह विदर्भ में अव्वल रहा होगा। मॉन्टफोर्ट स्कूल जामठा की यामिनी आडे को 99.2 फीसदी अंक मिले। नारायणा विद्यालयम, चिचभवन के प्रथम उत्तरवार ने 99 फीसदी अंक हासिल किये। इसके अलावा डीपीएस कामठी की सोनाक्षी नागदेवे को 98.8, भवन्स त्रिमूर्तिनगर की अवंतिका चौरसिया को 98.6 फीसदी, नारायणा विद्यालयम की नारायणी पाटिल 98.6 फीसदी, डीपीएस कामठी रोड की डिम्पी मानधलकर 98.6 फीसदी, तिया चाकोले को 98.4, सेंटर पॉइंट स्कूल की यशस्वी डागा 98 फीसदी, संजूबा हाईस्कूल की पूर्वा शर्मा 97.4 फीसदी, नारायणा विद्यालयम की सिया नेहरोत्रा को 97.4 फीसदी अंक मिले।

अब मई में फिर से परीक्षा

10वीं की परीक्षा के दौरान हुए कुछ भ्रम के बाद केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इस वर्ष नई व्यवस्था लागू की है जिससे छात्रों और अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बन गई थी। बोर्ड द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि घोषित किया गया परिणाम अंतिम नहीं है, बल्कि 17 मई के आसपास दूसरी परीक्षा आयोजित की जाएगी।

हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार यह दूसरी परीक्षा केवल वैकल्पिक (ऑप्शनल) है जो विद्यार्थी अपने वर्तमान परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, वे दोबारा परीक्षा देकर अंक सुधार सकते हैं। अनुत्तीर्ण छात्र भी इस परीक्षा में शामिल होकर लाभ ले सकते हैं।

मई में परीक्षा के बाद अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा। जो छात्र वर्तमान परिणाम से संतुष्ट हैं, उन्हें दोबारा परीक्षा देने की कोई आवश्यकता नहीं। असंतुष्ट छात्र दोनों परीक्षाओं में से बेहतर अंक वाला परिणाम चुन सकते हैं। इस नई प्रणाली का उद्देश्य छात्रों को अधिक अवसर देना है, ताकि वे अपने प्रदर्शन में सुधार कर सकें और बेहतर परिणाम हासिल कर सकें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com