केईएम अस्पताल मुंबई  सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

मुंबई के KEM अस्पताल में बदहाल व्यवस्था, 11 में से 6 लिफ्ट बंद; प्लास्टर लगे मरीज सीढ़ियों पर चढ़ने को मजबूर

Mumbai Municipal Corporation: मुंबई के केईएम अस्पताल में लिफ्ट बंद होने से मरीजों की परेशानी पर बीएमसी स्थायी समिति ने जांच और निलंबन के आदेश दिए।

रूपम सिंह

Highlights

  • KEM अस्पताल की 11 में से 6 लिफ्ट बंद, मरीजों को हो रही परेशानी।

  • BMC स्थायी समिति ने जांच के निर्देश दिए, दोषी अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई होगी।

  • एक महीने में 39 साल पुरानी लिफ्ट की जगह नई लिफ्ट शुरू होने की उम्मीद।

KEM Hospital Mumbai Lift Failure News: इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को यदि मंजिल तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों पर रेंगने को मजबूर होना पड़े, तो अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठना लाजिमी है।

मुंबई के केईएम अस्पताल में इन दिनों कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। अस्पताल की लिफ्टें बंद होने के कारण प्लास्टर लगे मरीजों को भी सीढ़ियों के सहारे ऊपर-नीचे जाना पड़ रहा है।

इस बदहाल स्थिति के वीडियो सामने आने के बाद मामला गुरुवार को बीएमसी की स्थायी समिति की बैठक में पहुंचा, जहां सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक के पार्षदों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

बैठक में सामने आया कि केईएम अस्पताल में कुल 11 लिफ्टें हैं, लेकिन इनमें से छह लंबे समय से बंद हैं। मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही के लिए महज पांच लिफ्ट उपलब्ध हैं। परेशानी यहीं खत्म नहीं होती, चालू लिफ्टों में भी जरूरत से ज्यादा लोगों के चढ़ने के कारण तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं और वे बीच रास्ते में रुक जा रही हैं। ऐसे में मरीजों को काफी असुविधा झेलनी पड़ रही है।

अस्पताल की अव्यवस्थाओं की करें जांच 3 साल के बाद भी पूरा नहीं किए कार्य नगरसेविका यामिनी जाधव ने अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर आपत्ति जताते हुए जांच की मांग की। वहीं, उद्धव सेना के रमाकांत रहाटे ने सवाल उठाया कि जब लिफ्ट से जुड़ा प्रस्ताव वर्ष 2023 में ही मंजूर कर लिया गया था, तो तीन साल बीतने के बाद भी काम पूरा क्यों नहीं हुआ? श्रद्धा जाधव ने कहा कि अस्पतालों में मशीनों और सुविधाओं का नियमित रखरखाव होना चाहिए।

उन्होंने लिफ्टमैन, वार्ड बॉय और ठेके पर रखे गए कर्मचारियों की जिम्मेदारियों को लेकर भी सवाल उठाए। मनसे गुटनेता यशवंत किल्लेदार ने भी अस्पताल की 11 में से केवल पांच लिफ्ट चालू होने पर चिंता जताई। एमआईएम के जमीर कुरेशी ने भी अस्पतालों की सुविधाओं को लेकर प्रशासन से जवाब मांगा। उनका कहना था कि अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का दावा तभी सार्थक है, जब उनका लाभ मरीजों को मिल सके। उन्होंने लिफ्ट, चिकित्सा उपकरणों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की जांच के लिए व्यापक ऑडिट कराने का सुझाव दिया।

दोषियों को निलंबिल करने के निर्देश

इस पर स्थायी समिति अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे ने संबंधित अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में इस तरह की स्थिति से महानगरपालिका की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। यांत्रिक और विद्युत विभाग की जिम्मेदारी तय करते हुए उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों को कम से कम तीन महीने तक निलंबित रखने के निर्देश दिए।

एक ही जगह वर्षों से जमे अधिकारियों पर उठे सवाल

स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष हरीश भांदिगें ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल किया कि क्या कुछ अधिकारियों ने मनपा को बदनाम करने की जिम्मेदारी उठा रखी है? उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी पांच से दस वर्षों से एक ही पद और स्थान पर बने हुए हैं।

उन्होंने ऐसे अधिकारियों का तत्काल तबादला करने और इसके लिए लॉटरी प्रणाली अपनाने की मांग की। साथ ही कुछ अधिकारियों के खिलाफ आयकर विभाग के माध्यम से जांच कराने और निलंबन की कार्रवाई करने की भी मांग रखी।

केईएम में एक महीने में शुरू होगी नई लिफ्ट

केईएम अस्पताल में बंद लिफ्ट की समस्या जल्द दूर होने की उम्मीद है। उपमहापौर संजय घाड़ी ने गुरुवार को अस्पताल का दौरा कर मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि 39 साल पुरानी लिफ्ट की जगह नई लिफ्ट लगाने का काम के बाद अगले 30 दिनों में इसे शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा अस्पताल में दो नई लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव भी जल्द मंजूर कराने का प्रयास किया जाएगा। घाड़ी ने डीन डॉ। हरीश पाठक से चर्चा कर मरीजों की सुविधाओं का जायजा लिया।

परिजन खींचते स्ट्रेचर

मुंबई मनपा सभागृह नेता गणेश खणकर ने कहा कि कई बार मरीजों के रिश्तेदारों को खुद स्ट्रेचर धकेलकर मरीज को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना पड़ता है। खणकर ने सवाल किया कि व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की जिम्मेदारी आखिर क्या है?

अमूल और मदर डेयरी दूध की कीमतें बार-बार क्यों बढ़ाती है? जानें 5 बड़े कारण

इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन पर बढ़ा 5 साल का बैन, जानें क्यों केंद्र सरकार ने जाकिर नाइक के IRF पर फिर कसा शिकंजा

आधी बर्थ के लिए पूरा किराया क्यों? रेलवे खत्म करेगा RAC टिकट सिस्टम! बर्थ शेयरिंग पर मिल सकते हैं नए विकल्प

पंजाब में AAP ने एक मंत्री समेत 7 विधायकों के टिकट क्यों काटे? जानें इसके पीछे का कारण

Chhath Puja 2026: छठ पर घर लौटने की होड़, ट्रेनें फुल, फ्लाइट का किराया 44 हजार पार; 77 बसें भी पड़ रही कम