

मुंबई में 21.13 करोड़ रुपये कीमत का कोकीन जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार।
मेकअप आर्टिस्ट के घर की मचान से मिला 672 ग्राम कोकीन।
बांगुरनगर पुलिस जांच में जुटी, ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही है।
Mumbai Police Cocaine Seizure Malad Madh Village: मुंबई में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बांगुरनगर पुलिस ने कोकीन की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मालाड के मढ़ विलेज स्थित एक मेकअप आर्टिस्ट के घर की मचान पर छिपाकर रखा गया कोकीन जब्त किया है।
इस मामले में उत्तर प्रदेश निवासी मुख्य आरोपी फुलचंद ईश्वरदयाल कश्यप (31) और उसके साथी मुजाहिद अली को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से जुड़े मामले में जब्त कोकीन की कुल कीमत 21 करोड़ 13 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, गोरेगांव लिंक रोड स्थित शिवम सोसायटी के पास संदिग्ध गतिविधियां करते हुए फुलचंद कश्यप को हिरासत में लिया गया था। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 ग्राम कोकीन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर काम करता है। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए मालाड के मढ़ विलेज स्थित उसके घर पर छापा मारा। घर की तलाशी के दौरान मचान पर छिपाकर रखा गया 672 ग्राम कोकीन मिला। इस तरह पुलिस ने कुल 678 ग्राम कोकीन जब्त किया।
मुंबई पुलिस के अनुसार, बरामद कोकीन की बाजार कीमत करीब 3 करोड़ 36 लाख रुपये है। कोकीन, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित कुल 3 करोड़ 38 लाख 98 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी जल्द और ज्यादा पैसा कमाने के उद्देश्य से कोकीन की बिक्री के कारोबार में शामिल हुआ था।
पुलिस की मांग पर बोरीवली स्थित न्यायालय ने मुख्य आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच के दौरान उसके साथी मुजाहिद अली की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कोकीन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही, इस कारोबार में अन्य लोगों की भूमिका और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।