Maharashtra Drought Free River Linking Projects: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र को स्थायी रूप से सूखा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। मंत्रालय में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को सूखे का सामना न करना पड़े, इसके लिए नदी जोड़ परियोजनाओं के माध्यम से मराठवाड़ा, विदर्भ, उत्तर महाराष्ट्र और पश्चिम महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त क्षेत्रों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
आर्थिक विकास के साथ गरीबी उन्मूलन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महाराष्ट्र की भूमिका महत्वपूर्ण है। महाराष्ट्र देश के आर्थिक विकास का प्रमुख आधार है। चालू वर्ष की पहली छमाही में राज्य की आर्थिक विकास दर करीब 8.8 प्रतिशत रही है। सरकार का प्रयास है कि हर जिले में विकास को गति दी जाए। अब तक करीब 13 जिलों ने निर्धारित विकास लक्ष्य पूरा किया है।।
फडणवीस ने बताया कि किसानों के लिए चलाई जा रही 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर कर्जमाफी योजना के तहत 56 लाख किसानों को 36 हजार करोड़ रुपए की कर्जमाफी दी जा रही है। फिलहाल राज्य के 76 प्रतिशत किसानों को दिन में बिजली मिल रही है। अगले एक वर्ष में सभी किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को किसान का दर्जा देने के लिए कानून बनाने का निर्णय लेने वाला महाराष्ट्र देश का पहला राज्य है। महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के विकास के लिए विशेष योजनाएं लागू की जा रही हैं।
युवाओं को विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विदेशी विश्वविद्यालयों को महाराष्ट्र में लाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य में नए उद्यम और निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
मुंबई, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि 'विकसित भारत' बनने की दिशा में देश की यात्रा में महाराष्ट्र सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। फडणवीस ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मंत्रालय में ध्वजारोहण के बाद कहा कि महाराष्ट्र देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और इस वर्ष की पहली छमाही में राज्य की विकास दर लगभग 8.8 प्रतिशत रही है। फडणवीस ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास को कुछ क्षेत्रों तक सीमित रखने के बजाय हर जिले और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि हर जिले को 'वृद्धि इंजन' बनाने का प्रयास किया जा रहा है और लगभग 13 जिलों ने इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का विकास छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों और डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान के सिद्धांतों के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य स्टार्टअप और निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र देश की स्टार्टअप राजधानी बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 56 लाख किसानों को 36,585 करोड़ रुपये की ऋण माफी योजना का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'दिमागी नक्सल' वाली टिप्पणी का समर्थन करते हुए कहा कि यह बात सही थी और इसे स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस के कार्यक्रम में देखा जा सकता था। फडणवीस ने कहा कि हथियारबंद नक्सलवाद को तो हरा दिया गया है, लेकिन अराजकता फैलाने वाला नक्सलवाद का वैचारिक रूप अब भी दिखाई देता है। मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री ने बहुत सही बात कही है।
बंदूक वाला नक्सलवाद तो खत्म हो गया है, लेकिन उससे भी खतरनाक बात यह है कि हम ऐसे लोगों में एक तरह का 'दिमागी नक्सलवाद' देख रहे हैं जिनके मन में अराजकता भरी है। दुर्भाग्य से, आज कांग्रेस के कार्यक्रम में भी हमें ऐसा ही एक उदाहरण देखने को मिला।