Eknath Collector Office Flag Hoisting: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ठाणे स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने तिरंगे को सलामी दी और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र और देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
एकनाथ शिंदे ने कहा, “इसका कंकर-कंकर शंकर है, इसका बिंदु-बिंदु गंगाजल है। हम जिएंगे तो इसके लिए, मरेंगे तो इसके लिए।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से देश चौतरफा विकास कर रहा है और विश्व में भारत का नाम गर्व के साथ लिया जा रहा है। भारत विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है और प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में भी विकास की रफ्तार तेज है। महायुति सरकार ने 44,800 करोड़ रुपये के अर्बन चैलेंज फंड को मंजूरी दी है। राज्य में नई आवास नीति तैयार की गई है और मुंबई को झोपड़पट्टी मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। इसके तहत 38 क्लस्टर परियोजनाएं घोषित की गई हैं। उन्होंने कहा कि एमएमआर क्षेत्र के चौतरफा विकास पर सरकार का जोर है और नीति आयोग के 1.5 ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने ठाणे में चल रही प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ठाणे इंट्रा-सिटी मेट्रो और ठाणे-बोरीवली सुरंग मार्ग जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर काम जारी है। इसके अलावा ठाणे में 900 बेड का सिविल अस्पताल बनाया जा रहा है, जिसे इसी वर्ष शुरू किए जाने की बात कही गई।
शिंदे ने कहा कि नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व अभियान’ के माध्यम से करीब 35 हजार लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया है। उन्होंने इसे प्रशासन को नागरिकों के और करीब ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
ठाणे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 6,059 सीसीटीवी कैमरे लगाने को मंजूरी दी गई है। शिंदे ने कहा कि आधुनिक निगरानी व्यवस्था से शहर को और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
समारोह में सांसद नरेश म्हस्के, विधायक रवींद्र फाटक, विधायक संजय केळकर, ठाणे जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल, ठाणे मनपा आयुक्त सौरभ राव, ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुमरे, महापौर शर्मिला पिंपळोलकर, उपमहापौर कृष्णा पाटील और सभागृह नेता हनुमंत जगदाळे सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी, कर्मचारी, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में ठाणे के नागरिक मौजूद रहे।