जुहू बीच पर जेसीबी मशीनों से हटाया कचरा सोर्स: सोशल मीडिया
मुंबई

छठ पूजा के बाद जुहू बीच पर निकला 150 टन कचरा, BMC ने अतिरिक्त कर्मी और विशेष मशीनें लगाई, संजय निरुपम दिया साथ

Juhu Beach Cleanup Drive: मुंबई के जुहू बीच पर छठ पूजा के बाद 150 मीट्रिक टन कचरा जमा हो गया। सोमवार को बीएमसी, शिवसेना नेता संजय निरुपम और स्वयंसेवी संस्थाओं ने मिलकर सफाई अभियान चलाया।

आकाश मसने

Highlights

  • मुंबई के जुहू बीच पर छठ पूजा के बाद 150 मीट्रिक टन कचरा जमा हुआ।

  • BMC ने अतिरिक्त कर्मचारियों और आधुनिक मशीनों की मदद से सफाई अभियान चलाया

  • शिवसेना नेता संजय निरुपम, द बिहारी फ्रंट और द पावर ऑफ यूथ के स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया

Juhu Beach 150 Metric Ton Garbage: आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के मौके पर मुंबई के प्रसिद्ध जुहू समुद्र तट पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। 15 नवंबर को आयोजित इस भव्य धार्मिक उत्सव के दौरान लाखों लोगों ने समुद्र किनारे पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और सुख-समृद्धि की कामना की। हालांकि, इस विशाल आयोजन के बाद जुहू बीच पर स्वच्छता की एक बड़ी चुनौती सामने आई। उत्सव समाप्त होने के बाद समुद्र तट पर करीब 150 मीट्रिक टन कचरा जमा हो गया, जो आम दिनों के मुकाबले लगभग पांच गुना अधिक है। सामान्य दिनों में जुहू बीच से प्रतिदिन औसतन 30 टन कचरा ही निकलता है।

BMC ने अतिरिक्त सफाईकर्मी और विशेष मशीनें लगाई

समुद्र तट की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को बड़े स्तर पर सफाई अभियान की शुरुआत की गई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और विशेष मशीनों को काम पर लगाया।

शिवसेना नेता संजय निरुपम ने चलाया सफाई अभियान

छठ पूजा के बाद जुहू पर चले सफाई अभियान को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए शिवसेना नेता संजय निरुपम भी मैदान में उतरे। निरुपम के नेतृत्व में इस स्वच्छता अभियान में 'द बिहारी फ्रंट' और 'द पावर ऑफ यूथ' जैसे गैर-सरकारी संगठनों (NGO) के युवा स्वयंसेवकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सफाई अभियान में जुटे शिवसेना नेता संजय निरुपम और अन्य

अभियान के दौरान सभी ने मिलकर पूजा की बची हुई सामग्री, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को समुद्र तट से साफ किया। इस मौके पर संजय निरुपम और स्वयंसेवकों ने समाज को विविधता में एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के उल्लास के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों और प्रकृति की रक्षा करना भी हर नागरिक का कर्तव्य है।

छठ में उगते और डूबते सूर्य की आराधना

गौरतलब है कि छठ महापर्व अपनी सादगी, शुद्धता और प्रकृति प्रेम के लिए जाना जाता है। बिना किसी पुरोहित या जटिल कर्मकांड के मनाए जाने वाले इस पर्व में निर्जला उपवास, उगते और डूबते सूर्य की आराधना तथा सामाजिक समरसता की अनूठी झलक देखने को मिलती है। यही कारण है कि यह पर्व न केवल बिहार और उत्तर भारत, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।

सफाई अभियान में शामिल नागरिकों और स्वयंसेवकों ने लोगों से अपील की कि वे भविष्य में आस्था के साथ-साथ कचरा प्रबंधन और पर्यावरण के प्रति अधिक संवेदनशील बनें, ताकि मुंबई के समुद्र तट हमेशा स्वच्छ और सुंदर बने रहें।

भारत समिट विवाद: सुप्रीम कोर्ट में याचिका, विदेशी नेता के वोट चोर, गद्दी छोड़ नारे की SIT जांच की मांग

कोलकाता में आज से सागर सुरक्षा 2026 का आगाज, तटीय सुरक्षा मजबूत करने के लिए जुटेंगे देशभर के वरिष्ठ अधिकारी

रिंकू सिंह ने प्रिया सरोज को प्यार के जाल में कैसे फंसाया? कैसे शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी

लाठियों से नहीं टूटा हौसला, देश के लिए दे दी जान; जानिए पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की शौर्यगाथा

बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, शिवराज सिंह चौहान से योगी आदित्यनाथ तक ने किया याद