बालासाहेब ठाकरे का असली उत्तराधिकारी कौन? उद्धव-राज या एकनाथ शिंदे, 14 साल बाद भी जारी है सियासी जंग

Balasaheb Thackeray Successor: बालासाहेब ठाकरे के निधन के 14 साल बाद भी उनकी विरासत पर उद्धव ठाकरे, एकनाथ शिंदे और राज ठाकरे के बीच असली उत्तराधिकारी को लेकर सियासी जंग जारी है।
Who Is True Successor To Balasaheb Thackeray
राज ठाकरे, उद्धव ठाकरे व एकनाथ शिंदेडिजाइन फोटो
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • बालासाहेब ठाकरे के पारिवारिक और वैचारिक उत्तराधिकार की जंग

  • उद्धव ठाकरे के पास ठाकरे परिवार का नाम और भावनात्मक जुड़ाव है

  • एकनाथ शिंदे के पास पार्टी का आधिकारिक नाम और हिंदुत्व की वैचारिक दावेदारी है।

  • राज ठाकरे की बेबाक भाषण शैली और 'मराठी मानुष' का तेवर बालासाहेब ठाकरे की याद दिलाता है

Who Is True Successor To Balasaheb Thackeray: 17 नवंबर का दिन महाराष्ट्र की राजनीति में काफी महत्वपूर्ण है। महाराष्ट्र के सबसे करिश्माई चेहरे और मराठी मानुष के दिलों में बसने वाले बालासाहेब ठाकरे का 17 नवंबर 2012 को निधन हो गया था। उनके जाने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति की दशा और दिशा बदल गई। उनके जाने के 14 साल बाद भी महाराष्ट्र के हर व्यक्ति के मन में एक सवाल है। आखिर उनकी विरासत का 'असली उत्तराधिकारी' कौन है? बिना किसी संवैधानिक पद पर रहे रिमोट कंट्रोल से सत्ता चलाने वाले बालासाहेब के जाने के बाद आज उनकी सियासी पूंजी पर तीन प्रमुख चेहरों उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे और एकनाथ शिंदे अपनी-अपनी दावेदारी करते नजर आते हैं।

आइए, बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि के अवसर पर हर शिवसैनिक और हर महाराष्ट्र के व्यक्ति के मन में चल रहे इस द्वंद्व को समझने को कोशिश करते हैं। बालासाहेब का असली अक्स किस नेता में दिखता है।

उद्धव ठाकरे: पारिवारिक विरासत और भावनात्मक जुड़ाव

वैसे तो भारत जैसे देश में जब भी किसी के भी उत्तराधिकारी की बात होती है सबसे पहले उनके बेटे-बेटी का नाम आता है। इसी धारणा से देखें तो बालासाहेब ठाकरे के उत्तराधिकारी के तौर पर सबसे पहले उनके बेटे उद्धव ठाकरे का नाम आता है।

साल 2003 में जब बालासाहेब ठाकरे ने उद्धव ठाकरे को शिवसेना का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया तो ये तय हो गया था कि बालासाहेब के बाद उनका उत्तराधिकारी उनका बेटा उद्धव ही होगी। यह निर्णय इसीलिए भी महत्वपूर्ण था क्योंकि 1990 के दशक से ही महाराष्ट्र की राजनीति में बालासाहेब के प्रतिबिंब उनके भतीजे राज ठाकरे में देखी जा रही थी। बावजूद इसके बालासाहेब ने राज को दरकिनार कर उद्धव ठाकरे को शिवसेना की कमान सौंपी।

हालांकि आज, साल 2026 में महाराष्ट्र की राजनीति को देखें तो बालासाहेब के पुत्र होने के नाते ठाकरे परिवार का पारंपरिक वोट बैंक और भावनात्मक जुड़ाव आज भी उद्धव ठाकरे के साथ खड़ा दिखता है। उद्धव गुट (शिवसेना यूबीटी) का मानना है कि कागजी या कानूनी फैसलों से पार्टी का नाम तो छीना जा सकता है, लेकिन 'ठाकरे' ब्रांड और शिवसैनिकों का दिल नहीं जीता जा सकता।

Eknath Shinde With Balasaheb Thackeray
बालासाहेब ठाकरे के साथ एकनाथ शिंदेफाइल फोटो, सोर्स: सोशल मीडिया

एकनाथ शिंदे: शिवसेना पार्टी और वैचारिक उत्तराधिकार की दावेदारी

साल 2022 में शिवसेना में हुई ऐतिहासिक बगावत के बाद एकनाथ शिंदे ने न केवल शिवसेना पार्टी का नाम और 'धनुष-बाण' चुनाव चिह्न हासिल किया, बल्कि चुनाव आयोग और विधानसभा अध्यक्ष से भी शिंदे गुट को असली शिवसेना की मान्यता मिली। एकनाथ शिंदे का तर्क है कि बालासाहेब ने कभी कांग्रेस या एनसीपी से हाथ नहीं मिलाया था, लेकिन 2019 मुख्यमंत्री बनने के लिए उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर बालासाहेब के विचारों को त्याग दिया।

एकनाथ शिंदे का कहना है कि वे भाजपा के साथ मिलकर वे ही बालासाहेब ठाकरे के प्रखर हिंदुत्व की विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं। चुनावी मोर्चे पर भी शिंदे ने खुद को बालासाहेब की राजनीतिक विरासत का एक मजबूत दावेदार साबित किया है। वर्तमान की राजनीतिक स्थिति को देखें तो शिंदे गुट के पास उद्धव से ज्यादा विधायक और सांसद है।

Who Is True Successor To Balasaheb Thackeray
शाखाओं से गगनचुंबी इमारतों तक बदली मुंबई, लेकिन आज भी जिंदा है बालासाहेब ठाकरे का मराठी मानुष वाला सवाल

राज ठाकरे: बालासाहेब जैसी शैली और मराठी मानुष का अंदाज

भले ही राज ठाकरे ने 2006 में शिवसेना से अलग होकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) बना ली हो, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों और समर्थकों का एक बड़ा वर्ग आज भी उनमें बालासाहेब की छवि देखता है। बालासाहेब की तरह ही एक बेहतरीन कार्टूनिस्ट होने के साथ-साथ राज ठाकरे की बेबाक भाषण शैली, मंच से विरोधियों पर सीधा हमला और 'मराठी मानुष' के मुद्दे पर आक्रामक रुख उन्हें बालासाहेब के सबसे करीब दिखाता है।

राज ठाकरे को बालासाहेब ठाकरे का उत्तराधिकारी कहने से पहले एक सवाल मन में आता है, जब बालासाहेब के जीवित रहते ही राज ने उनसे अलग होकर एक अपनी पार्टी बना ली तो उन्हें उत्तराधिकारी कैसे माना जाए?

Raj Thackeray With Balasaheb Thackeray
बालासाहेब ठाकरे के साथ राज ठाकरेफाइल फोटो, सोर्स: सोशल मीडिया
Who Is True Successor To Balasaheb Thackeray
जनवरी 2027 में आम जनता के लिए खुल सकता है बालासाहेब ठाकरे राष्ट्रीय स्मारक, जानें क्या होगा खास

बालासाहेब ठाकरे की विरासत के तीन दावेदार

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बालासाहेब ठाकरे का व्यक्तित्व इतना विराट था कि कोई एक नेता उनकी पूरी जगह नहीं ले सका। आज उद्धव ठाकरे के पास परिवार और नाम की विरासत है, एकनाथ शिंदे के पास शिवसेना पार्टी का आधिकारिक चिह्न और सत्ता की ताकत है, तो राज ठाकरे के पास बालासाहेब जैसा करिश्मा और आक्रामक अंदाज है।

पुण्यतिथि के इस अवसर पर महाराष्ट्र की सियासत एक बार फिर इस बात की गवाह बन रही है कि बालासाहेब भले ही आज नहीं हैं, लेकिन उनकी विरासत ही राज्य की राजनीति की असली धुरी बनी हुई है।