सातारा में अडानी के 1,500 मेगावाट तराली प्रोजेक्ट पर लगी रोक, महाराष्ट्र वन विभाग ने तीन दिन में मांगा जवाब

Adani Green Energy Project: महाराष्ट्र वन विभाग ने सातारा में अडानी ग्रीन एनर्जी के 1500 मेगावाट तराली पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट का काम रोक दिया है। बिना वन्यजीव बोर्ड की मंजूरी निर्माण करने का आरोप है।
Adani Tarali Pumped Storage Project
अडानी ग्रुप का तराली पंप स्टोरेज प्रोजेक्टसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • अडानी के तराली प्रोजेक्ट पर वन विभाग की रोक

  • वन्यजीव बोर्ड की मंजूरी के बिना काम शुरू करने का आरोप

  • 13 नवंबर को जारी किया था काम रोकने का आदेश, तीन दिन में मांगा जवाब

  • प्रोजेक्ट की लागत 5,675 करोड़ से घटाकर 56.75 करोड़ रुपये बताने का मामला

Adani Tarali Pumped Storage Project Stay: महाराष्ट्र के वन विभाग ने सातारा जिले के पाटण तालुका में अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के 1500 मेवा वाले तराली पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट (पीएसपी) का काम तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। विभाग का कहना है कि राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) की आवश्यक मंजूरी के बिना ही परियोजना का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। वन विभाग ने 13 नवंबर को यह आदेश जारी किया है। कुछ दिनों पहले ही परियोजना की अनुमानित लागत 5,675 करोड़ रुपये से घटाकर 56.75 करोड़ रुपये किए जाने की खबरें अखबारों में आई थीं।

अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड से तीन दिन में मांगा जवाब

पाटण के रेंज वन अधिकारी आरएस नलावड़े ने अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के परियोजना प्रतिनिधि को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जांच में सामने आया है कि एनबीडब्ल्यूएल की अनुमति के बिना परियोजना का काम शुरू किया गया।

वन विभाग ने कंपनी को सभी जरूरी पूर्व अनुमतियां मिलने तक निर्माण कार्य तत्काल बंद करने का निर्देश दिया है। साथ ही तीन दिन के भीतर लिखित जवाब, परियोजना से जुड़े सभी वैधानिक मंजूरी पत्र, नक्शे और पेड़ों की कटाई की अनुमति के दस्तावेज मांगे हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वन कानूनों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Adani Tarali Pumped Storage Project
EXPLAINER: क्या इको- फ्रेंडली है कर्जत पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट? जानें परियोजना की इनसाइड स्टोरी और पूरा विवाद

तराली परियोजना की लागत में 99 फीसदी की कमी का विवाद

तराली पंप स्टोरेज परियोजना की लागत को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। फरवरी 2025 में केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के दस्तावेजों में इसकी अनुमानित लागत 5,675 करोड़ रुपये दर्ज थी। लेकिन अडानी ग्रीन एनर्जी ने 8 सितंबर 2026 को दिए गए नोटरीकृत हलफनामे में लागत 56.75 करोड़ रुपये बताने का अनुरोध किया।

इससे सह्याद्रि टाइगर रिजर्व के संरक्षण के लिए प्रस्तावित 4 फीसदी राशि 227 करोड़ रुपये से घटकर करीब 2.27 करोड़ रुपये रह गई। कंपनी ने संशोधित राशि के आधार पर केवल 56.75 लाख रुपये जमा किए।

अडानी समूह ने आरोपों को किया खारिज

अडानी समूह ने लागत घटाकर वैधानिक देनदारियां कम करने के आरोपों को भ्रामक बताया है। कंपनी का कहना है कि 56.75 करोड़ रुपये का आंकड़ा केवल प्रारंभिक स्थल सर्वेक्षण और जांच संबंधी खर्च का है, जबकि परियोजना की कुल लागत 5,675 करोड़ रुपये ही है। कंपनी ने यह भी दावा किया है कि परियोजना निजी, गैर-वन भूमि पर है और कोयना वन्यजीव अभयारण्य से 3.2 किलोमीटर दूर है।

Adani Tarali Pumped Storage Project
अडानी के तराली प्रोजेक्ट की लागत 5,675 करोड़ से सीधे 57 करोड़ पर कैसे आ गई? मोदी सरकार पर उठे सवाल

तराली पंप स्टोरेज परियोजना के प्रमुख तथ्य

  • परियोजना : तराली पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट

  • कंपनी : अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड

  • क्षमता : 1500 मेगावाट

  • स्थान : पाटण तालुका, सातारा जिला

  • प्रस्तावित क्षेत्र : 150.74 हेक्टेयर

  • मूल अनुमानित लागत : 5,675 करोड़ रुपये

  • संशोधित आंकड़ा : 56.75 करोड़ रुपये

  • वन्यजीव संरक्षण के लिए प्रस्तावित राशि : 227 करोड़ से घटकर करीब 2.27 करोड़ रुपये